गिरिडीह पुलिस ने लौटाये 112 गुम मोबाइल, चेहरों पर लौटी मुस्कान
मोबाइल पाने वाले लाभुको के साथ गिरिडीह के एसपी, एसडीपीओ व अन्य
गिरिडीह पुलिस ने 'आपका मोबाइल, फिर से आपका' अभियान के तहत 112 गुम हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाकर आम जनता का विश्वास जीता है. एसपी डॉ बिमल कुमार के नेतृत्व में, यह पहल न केवल खोई हुई संपत्ति को वापस दिलाती है, बल्कि पुलिस और समुदाय के बीच संबंधों को भी मजबूत करती है.
आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की दिशा में गिरिडीह पुलिस ने शनिवार को पुलिस केंद्र परिसर में ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ कार्यक्रम आयोजित किया. तकनीकी अनुसंधान और लगातार प्रयासों के बाद बरामद किये गये 112 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गये. लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आयी.
आपके शहर में
तकनीकी अनुसंधान से बरामद किये गये मोबाइल
कार्यक्रम में एसपी डॉ बिमल कुमार समेत एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, मुफस्सिल व नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. पुलिस की ओर से तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से गुम मोबाइलों की पहचान कर उन्हें बरामद किया गया और सत्यापन के बाद वास्तविक मालिकों को सौंपा गया.
मोबाइल पाने वाले कई लोगों ने बताया कि लंबे समय से फोन गुम होने के कारण उन्होंने उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी. पुलिस की पहल से मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जतायी.
इस वर्ष 424, अभियान शुरू होने से 850 से अधिक मोबाइल बरामद
एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया कि शनिवार के कार्यक्रम में 112 गुम मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाये गये. इस वर्ष अब तक करीब 424 गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं. वहीं, ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान की शुरुआत से अब तक 850 से अधिक लोगों के मोबाइल बरामद कर उन्हें वापस किया गया है.
खोये मोबाइल की तुरंत दें सूचना : एसपी
एसपी डॉ बिमल कुमार ने कहा कि गिरिडीह पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान और उनकी खोयी संपत्ति वापस दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान का उद्देश्य केवल गुम मोबाइल लौटाना नहीं, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना भी है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित थाना या साइबर थाना को सूचना दें, ताकि तकनीकी सहायता से मोबाइल की जल्द बरामदगी की दिशा में कार्रवाई की जा सके.
18 महीने से तीन साल तक पहले गुम हुए थे फोन
मोबाइल पाने वाले लाभुकों में रेंबा निवासी शहबाज आलम ने बताया कि उनका फोन करीब तीन साल पहले गुम हो गया था. उन्होंने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की मदद से फोन फिर मिल गया.
सरिया निवासी आशुतोष कुमार पांडेय ने बताया कि उनका मोबाइल करीब दो साल से गुम था. उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर बरामदगी की गुहार लगायी थी. फोन वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जतायी.
जमुआ निवासी मिराज अंसारी ने बताया कि उनका मोबाइल करीब एक वर्ष पहले गुम हुआ था. उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी थी. उन्हें फोन वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन पुलिस ने मोबाइल बरामद कर उन्हें सौंप दिया. वहीं, एक अन्य लाभुक ने बताया कि उनका मोबाइल करीब 18 महीने से गुम था और उन्होंने उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए