सुदिव्य सोनू के निधन पर स्वास्थ्य मंत्री ने जताया दुख, कहा- झारखंड ने अपना कद्दावर नेता खो दिया
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने इसे झारखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया है.
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है. राज्य ने एक कद्दावर और जनप्रिय नेता खो दिया है. उनके निधन की खबर पर अब भी विश्वास नहीं हो रहा. कल तक हम साथ थे और आज वह हमारे बीच नहीं हैं.
आपके शहर में

झारखंड में विकास की रफ्तार में अहम भूमिका
डॉ अंसारी ने कहा कि झारखंड को विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ाने में सुदिव्य कुमार सोनू की अहम भूमिका रही. सरकार में रहते हुए उन्होंने विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम किया. विकास योजनाओं को गति देने के साथ आम लोगों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा.
सरकार व पार्टी के बाहर व्यापक पहुंच थी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू केवल अपनी पार्टी या सरकार तक सीमित नेता नहीं थे. सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के नेताओं के बीच उन्हें सम्मान प्राप्त था. सहज और मिलनसार व्यवहार के कारण राजनीतिक मतभेदों के बावजूद उन्होंने सभी के बीच अपनी अलग पहचान बनायी.
झारखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन में बड़ी रिक्तता : उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन में बड़ी रिक्तता पैदा हुई है. उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा. डॉ अंसारी ने दिवंगत नेता के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए