गावां की इस सड़क पर कदम-कदम पर गड्ढे, बारिश में और बिगड़ती है हालत; मरम्मत की मांग
शिकायत करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
गावां प्रखंड की पसनौर पंचायत में जोड़ासीमर से तिलैया तक की सड़क जर्जर होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की मांग की है.
गावां प्रखंड की पसनौर पंचायत के जोड़ासीमर से बलथरवा, दूधपनिया होते हुए तिलैया गांव तथा बंगालीबारा-मंझने तक जानेवाली सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है. सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गये हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है. बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है.
ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क से आसपास के कई गांवों के लोग नियमित रूप से आवागमन करते हैं. सड़क खराब होने के कारण पैदल चलने के साथ बाइक, ऑटो और अन्य वाहनों से आने-जाने में भी परेशानी होती है. कई जगह गड्ढों और उबड़-खाबड़ सड़क के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है.
प्रखंड मुख्यालय पहुंचना भी मुश्किल
ग्रामीणों ने बताया कि बलथरवा गांव से गावां प्रखंड मुख्यालय की दूरी करीब 20 से 25 किलोमीटर है. सड़क की बदहाली के कारण प्रखंड मुख्यालय पहुंचने में अधिक समय लगता है. रोजमर्रा के काम से प्रखंड कार्यालय आनेवाले ग्रामीणों के अलावा स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
ग्रामीण रमेश हांसदा ने कहा कि सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और रोजाना आने-जानेवाले लोगों पर पड़ रहा है. लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है.
ग्रामीणों ने की सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क की जांच कराकर जल्द मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने की मांग की है. उनका कहना है कि सड़क का निर्माण होने से बलथरवा समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी.
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क दुरुस्त होने से प्रखंड मुख्यालय समेत अन्य क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा और स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों तथा रोजमर्रा के काम से आने-जानेवाले लोगों को राहत मिलेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए