हेलमेट नहीं तो बाइक नहीं! गिरिडीह पुलिस ने बच्चों से कहा- घरवालों को भी समझाएं

Updated:
विज्ञापन

जमुआ इम्पीरियल स्कूल ऑफ लर्निंग में गिरिडीह पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान | Prabhat Khabar Network

गिरिडीह पुलिस ने जमुआ के इंपीरियल स्कूल ऑफ लर्निंग में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया. इस अभियान में सड़क सुरक्षा, अच्छे आचरण, अनुशासन और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर जोर दिया गया.

विज्ञापन

जमुआ स्थित इंपीरियल स्कूल ऑफ लर्निंग में गिरिडीह पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया. इसमें विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, अच्छे आचरण, अनुशासन और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया. पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की.

आपके शहर में

विज्ञापन

बाइक से पहले हेलमेट जरूरी

जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचने में सावधानी की अहम भूमिका है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने पिता, भाई और परिवार के अन्य सदस्यों को बाइक चलाने से पहले हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि बाइक निकालने से पहले हेलमेट उठाना हर वाहन चालक की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए.

उन्होंने चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की भी सलाह दी. कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए करना चाहिए. सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी को खतरे में डाल सकती है.

पढ़ाई के साथ चरित्र निर्माण भी जरूरी

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण का महत्व समझाया. कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का समय है. इसलिए पढ़ाई के साथ अपने व्यवहार और आचरण पर भी ध्यान देना जरूरी है.

विद्यार्थियों से ऐसा कोई कदम नहीं उठाने की अपील की गयी, जिससे उनके चरित्र और भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़े. पुलिस ने कहा कि अनुशासन और अच्छे आचरण से ही विद्यार्थी अपने परिवार, विद्यालय और समाज का नाम रोशन कर सकते हैं.

बाल विवाह के दुष्परिणामों की दी जानकारी

कार्यक्रम में एसआइ छाया किस्कू ने बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी. उन्होंने छात्र-छात्राओं से कम उम्र में शादी नहीं करने की अपील की. साथ ही कहा कि आसपास बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चुप नहीं रहें.

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों को बाल विवाह के नुकसान के प्रति जागरूक करने की अपील की. जरूरत पड़ने पर इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की भी बात कही.

शिक्षा पूरी कर आत्मनिर्भर बनने की अपील

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से शिक्षा पूरी कर आत्मनिर्भर बनने और समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं जागरूक होंगे, तो परिवार और समाज में भी सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है.

कार्यक्रम में प्राचार्य संजय कुमार, निदेशक टिंकू विश्वकर्मा, प्रबंध निदेशक सुबोध कुशवाहा, उप प्राचार्य रंजीत कुमार वर्मा समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola