पश्चिमी अफ्रीका के नाइजर में झारखंड के 5 मजदूरों का अपहरण, सीएम हेमंत सोरेन ने विदेश मंत्री से मांगी मदद

अपहृत मजदूर और पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाते पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह
Migrant Workers Kidnapping: पश्चिमी अफ्रीका के नाइजर में झारखंड के गिरिडीह जिले के पांच मजदूरों का अपहरण कर लिया गया है. सूचना मिलते ही इनके परिजन परेशान हैं. खबर मिलते ही पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह पीड़ित परिवार से मिले और हर संभव मदद का भरोसा दिया. झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया 'एक्स' के जरिए विदेश मंत्री एस जयशंकर से मदद की अपील की है.
Migrant Workers Kidnapping: बगोदर (गिरिडीह), कुमार गौरव-गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के दोंदलो गांव और मुंडरो गांव के पांच प्रवासी मजदूरों का हथियारबंद अपराधियों द्वारा अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है. सभी पांच मजदूरों का अपहरण पश्चिमी अफ्रीका के नाइजर में होने की बात सामने आयी है. सूचना मिलते ही पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और हर संभव मदद का भरोसा दिया. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ के जरिए विदेश मंत्री एस जयशंकर से आग्रह किया है कि नाइजर में अगवा किए गए झारखंड के प्रवासी भाइयों की मदद करें.
हथियारबंद समूह के कब्जे में पांचों मजदूर
बताया जा रहा है कि बगोदर प्रखंड के मुंडरो से एक मजदूर और दोंदलो के चार मजदूर काम करने के लिए पश्चिमी अफ्रीका के नाइजर बीते साल जनवरी में गए थे. सभी मजदूर ट्रांसमिशन लाइन में काम करने गए थे, जहां 25 अप्रैल को पश्चिमी अफ्रीका के नाइजर में केपीटीएल कंपनी के ट्रांसमिशन लाइन के कार्य के दौरान हथियारबंद ग्रुप द्वारा हमला किया गया है. इसमें सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं. इसी दौरान कंपनी में काम कर रहे मजदूरों में बगोदर थाना क्षेत्र के पांच मजदूरों को कब्जे में ले लिया गया है.
मजदूरों में उत्तम महतो (बगोदर प्रखंड, मुंडरो), संजय महतो, फलजीत महतो, चन्द्रिका महतो और राजू महतो दोंदलो के रहने वाले हैं.
पीड़ित परिवार से मिले पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह
पश्चिमी अफ्रीका के नाइजर में काम कर रहे मजदूरों ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी. परिजनों ने अपने घर के सदस्यों का इसकी जानकारी दी. अपहरण होने की सूचना मिलते ही परिजन परेशान हो रहे हैं. मजदूरों के अपहरण होने की सूचना पाकर बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे. घटना की जानकारी ली. इस विकट परिस्थिति में मजदूर के परिजनों को हर संभव मदद करने का भरोसा दिया.
कंपनी के मुंबई प्रतिनिधि से पूर्व विधायक ने की बात
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि श्रमिकों ने हथियारबंद ग्रुप के समक्ष समर्पण कर दिया था. पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कंपनी के मुंबई प्रतिनिधि से भी बात की है और झारखंड प्रवासी सेल को भी मिली सूचना से अवगत कराया गया है. इसके साथ ही इस दिशा में जल्द कदम उठाने की अपील की है. प्रवासी मजदूर किस स्थिति में हैं. यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




