Giridih News :दिशा की बैठक में छाया रहा जल जीवन मिशन में गड़बड़ी का मुद्दा

Updated at : 16 Jan 2025 11:43 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :दिशा की बैठक में छाया रहा जल जीवन मिशन में गड़बड़ी का मुद्दा

Giridih News :समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की बैठक हुई. बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में जल जीवन मिशन की योजनाओं में बरती जा रही धांधली का मामला छाया रहा.

विज्ञापन

मंथन. जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति की बैठक में मंत्री व विधायकों ने विकास योजनाओं की समीक्षा की

अधिकारियों दिये गये कई आवश्यक निर्देश

समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की बैठक हुई. बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में जल जीवन मिशन की योजनाओं में बरती जा रही धांधली का मामला छाया रहा. बैठक में बताया गया कि कहीं पानी टंकी बना है तो पाइपलाइन नहीं बिछी है और कई स्थानों पर पानी नहीं रहने के बाद भी टंकी बनाकर हर घर जल पहुंचाने का दावा किया जा रहा है. बैठक में जलापूर्ति योजना की विस्तृत समीक्षा की गयी. समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि डीसी के द्वारा एक टीम गठित कर जलापूर्ति योजना के तहत जितनी भी योजनाएं संचालित है, उनका सतत पर्यवेक्षण सुनिश्चित कराया जायेगा. उन्होंने बताया कि डीसी द्वारा गठित कमेटी में पेयजल एवं स्वच्छता विभागों के पदाधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को शामिल किया जायेगा, ताकि वे गांव की असली स्थिति से टीम को अवगत करा सके और योजनाओं की वास्तविक स्थिति दिखा सकें.

कार्य योजना का रोड मैप तैयार करें अधिकारी

मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगली बैठक में कार्य योजनाओं का रोड मैप तैयार करें, ताकि विभिन्न इलाकों में जो भी आवश्यक होगा, उसका उचित विश्लेषण किया जा सके. कहा कि मूल रूप से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय से कार्य करने के बाद ही योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया जा सकता है. साथ ही बैठक में विभिन्न योजनाओं के तहत जिले में हुए विकास कार्यों पर विस्तार से जानकारी साझा की गई.

मंत्री ने किया विभिन्न योजनाओं पर मंथन

केंद्रीय मंत्री द्वारा निर्देशित किया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष की योजनाओं को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें. बैठक के दौरान डीडीसी द्वारा मनरेगा अंतर्गत चालू योजनाओं व सभी अन्य योजनाओं की जानकारी विस्तार में दी गयी. इस पर मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं को निश्चित समय सीमा के अंदर पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें. इसके अलावा मंत्री ने कहा पथ निर्माण विभाग से संबंधित सड़क, पुलिया व अन्य संरचनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर एक कमेटी का गठन किया जायेगा तथा इसकी जांच की जायेगी ताकि योजनाओं के निर्माण में पारदर्शिता बरती जाये और इसका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके. इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के उपरांत अनेक पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया व सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि सभी पीएचसी, सीएचसी में चिकित्सक, दवा, मेडिकल उपकरण के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं. साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि चिकित्सक नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित रहे. इस संबंध में सिविल सर्जन के द्वारा बताया गया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करायी गयी है. इसके बाद मंत्री ने विद्युत विभाग की समीक्षा की. समीक्षा के उपरांत उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग से संबंधित कई शिकायतें आ रही हैं, इन शिकायतों को तत्काल निपटाएं. उन्होंने कहा कि बिजली बिल की कई समस्याएं आ रही है. संबंधित कार्यपालक अभियंता यह सुनिश्चित करें कि बिजली का बिल सही हो. मंत्री ने समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का सतत पर्यवेक्षण सुनिश्चित कराएं. साथ ही समाज कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति सुनिश्चित करें. बैठक के दौरान विद्यालय भवन की जर्जर होने की शिकायतों को लेकर मंत्री ने संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा अधीक्षक को समन्वय स्थापित करते हुए उन सभी विद्यालय भवनों का जांच करने का निर्देश दिया तथा जर्जर विद्यालय भवनों के संबंध में आवश्यक कारवाई करने के निर्देश दिए. इसके उपरांत मंत्री ने आपूर्ति विभाग की समीक्षा की.

विकास की अवधारणा को सुचारू रूप प्रदान करना हमारा उद्देश्य : नागेंद्र

बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की कार्य प्रगति के संबंध में जानकारी ली. इसमें उन्होंने मुख्य रूप से मनरेगा, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, समाज कल्याण, आधारभूत संरचना, कौशल विकास व विकास के मानकों पर विशेष रूप से कार्य करने के निर्देश दिए. इस दिशा में सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें. उन्होंने कहा कि जिला अंतर्गत ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि व शिक्षा के क्षेत्र में विकासशील कार्य किये जाये. इसमें सभी पदाधिकारी अपने स्तर से गुणवत्तापूर्ण कार्य करना सुनिश्चित करें. साथ ही उन्होंने सभी संबंधित अधिकारी व कर्मी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि कल्याणकारी योजनाओं को सफल बनाने में अहम योगदान दें. बताया कि विकास की अवधारणा को सुचारू रूप प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तर की बैठकों में लक्ष्य होना चाहिए कि हम सब मिलकर गांव के बहुआयामी शक्ति को जागृत करें. हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि समस्याओं के समाधान कर उन्नति की ओर अग्रसर हों. साथ ही निर्धारित लक्ष्य को ससमय गुणवत्तापूर्ण सम्पन्न कराना हमारा कर्तव्य है.

हर स्तर से ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने के प्रयास होने चाहिए : डॉ मंजू

जमुआ विधायक डॉ मंजू कुमारी ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें. सभी अधिकारी गुणवत्ता पूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें. योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर त्वरित कार्रवाई करें. साथ ही यह सुनिश्चित करें कि आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो. उन्होंने कहा कि हर स्तर पर ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़े लाभान्वित करने के प्रयास किए जाने चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों को रोजगार मिले तथा उनकी आजीविका प्रभावित ना हो.

जरूरतमंद लाभुकों को चिह्नित कर सरकारी योजनाओं का लाभ दें : जयराम

डुमरी विधायक जयराम महतो ने एएनएम के मानदेय का मामला उठाया और कहा कि लंबे समय से काम करने के बाद भी एएनएम को भुगतान नहीं किया जाना चिंताजनक है. कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से हरेक वंचित और जरूरतमंदों को जोड़ा जाना चाहिए और उसका उचित लाभ उसे समयबद्ध तरीके से दिया जाना चाहिए ताकि उन्हें भी यह लगे कि सरकारी योजनाएं उनके लिए ही बनाई गयी है. सभी संबंधित विभाग यह अवश्य सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ समय पर मिले. साथ ही जो योजनाएं या सरकारी कार्य जिस समय पर पूरा होना है, उसे तय समय पर ही पूरा किया जाये. कहा कि सरकारी कार्यों को पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पूरा करें ताकि किसी भी प्रकार की कोई सवाल की गुंजाइश न हो. लोगों को यह लगना चाहिए कि सरकार की योजनाओं में गुणवत्ता और मानक का पूरा ध्यान रखा गया है.

जरूआडीह के नशेड़ी शिक्षक हटाये जायेंगे

जरूआडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय में एक शिक्षक के हमेशा नशे में रहने और नशे में ही स्कूल पहुंचने का मामला राजधनवार के प्रमुख व कांग्रेस के नेता गौतम सिंह ने उठाया. बैठक में निर्णय लिया गया कि नशे की हालत में पढ़ाने वाले गुरूजी अविलंब उस स्कूल से हटाये जायेंगे और उन्हें चेतावनी भी दी जायेगी. साथ ही श्री सिंह ने राजधनवार में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर से होकर गुजर रहे 11 हजार के बिजली तार का मामला उठाया और कहा कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है. बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों को अविलंब कदम उठाने का निर्देश दिया गया. साथ ही नौलखा डैम के मरम्मति कार्य में तेजी लाने के संबंध में भी पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये.

सभी विभागों के अधिकारी गुणवत्तापूर्ण कार्य को प्राथमिकता दें : डीसी

डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि केंद्र व राज्य सरकार की सभी योजनाएं आम जनता तक सुगमता से पहुंचे, यह हम सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है. जनकल्याणकारी योजनाओं का सही लाभुक तक एवं गुणवत्ता और तत्परता से मिले, इसके लिए हमें पूरी सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है. डीसी ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कार्य की गुणवत्ता प्रभावित न हो. गुणवत्तापूर्ण कार्य को प्राथमिकता दें. काम की गुणवत्ता के साथ समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता है. सकारात्मक सोच के साथ सभी अपनी जिम्मेदारी निभायें.

बैठक में ये थे उपस्थित

बैठक में उपरोक्त के अलावे जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, गिरिडीह के सांसद प्रतिनिधि, गांडेय के विधायक प्रतिनिधि, राजधनवार के विधायक प्रतिनिधि, सभी प्रखंडों के प्रमुख समेत डीडीसी, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, उपनगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

जल जीवन मिशन में हो रही धांधली से भारत सरकार को अवगत करायेंगे : अन्नपूर्णा

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि जल जीवन मिशन में गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में धांधली की जा रही है. अधिकारी और ठेकेदार मिलकर जल जीवन मिशन की राधि की बंदरबांट कर रहे हैं. केंद्र सरकार के राशि का जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है. कहा कि इस धांधली से भारत सरकार को अवगत करायेंगे और राज्य भर में चल रहे जल जीवन मिशन की योजनाओं की जांच करायेंगे. बताया कि हेमंत की पार्ट वन सरकार में जल जीवन मिशन लूट की मिशन बनकर रह गयी. उस वक्त के मंत्री ने शिकायतें मिलने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं को राज्य सरकार लूट की योजना बना चुकी है. दिशा की बैठक के बाद प्रभात खबर से बातचीत करते हुए श्रीमती अन्नपूर्णा ने कहा कि जिस तरह गरीबों के अनाज को लूट लिया, उसी तरह गरीबों के पानी में भी लूट मची हुई है. केंद्र सरकार गरीबों के लिए कई योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए राशि भेजती है. लेकिन राज्य सरकार कार्यकारी एजेंसी होने के नाते अपने दायित्व का भी निर्वहन नहीं कर रही है. काम कराये बिना ही बड़ी रकम की बंदरबांट हो जा रही है. कहा कि खाद्य आपूर्ति विभाग की एक टीम ने अनाज घोटाले की जांच भी की, लेकिन जांच रिपोर्ट पर अधिकारी कुंडली मारकर बैठे हुए हैं. कहा कि वे इस संबंध में शीघ्र ही राज्य सरकार को पत्र लिखेंगी और मांग करेंगी कि जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola