Giridih News :द्वार लगाने की रस्म के दौरान रेलिंग व छज्जा टूटा,दो दर्जन लोग घायल

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 10 Jun 2026 10:29 PM

विज्ञापन

Giridih News :निकाह के पूर्व बरात द्वार लग रही थी. इसी दौरान रेलिंग व छज्जा टूटने की घटना में दो दर्जन लोग घायल हो गए. घायलों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं. दूल्हे के पिता व बहन को भी गंभीर चोट आयी है. घटना हीरोडीह थाना क्षेत्र के महारायडीह गांव की है.

विज्ञापन

घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गयी. निकाह का उत्साह चीख-पुकार में बदल गया. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. घायलों में तीन लोगों की स्थिति गंभीर बतायी गयी है. घटना मंगलवार रात एक बजे की है. जानकारी के मुताबिक जमुआ प्रखंड के धोथो गांव से महारायडीह निवासी शमशेर आलम की बेटी के निकाह को लेकर घर पर बरात आयी थी. रात करीब एक बजे दूल्हे के साथ बरात दरवाजा लगाने की रस्म चल रही थी. महिला सदस्यों रस्म पूरी कर रहीं थीं.

कुछ महिलाएं व बच्चे घर की छत पर खड़े थे

इस रस्म के दौरान कुछ महिलाएं व बच्चे घर के छज्जे के पास खड़े थे. इसी दौरान रेलिंग व छज्जा टूट गया. रेलिंग पर खड़े लोगों के साथ-साथ नीचे खड़े लोग भी इसकी चपेट में आ गये. कई महिलाएं मलबे में दब गयीं, जिससे अफरातफरी मच गयी. देर रात ही सभी घायलों को इलाज के लिए जमुआ ले जाया गया.

घायलों में ये हैं शामिल

घायलों में वर्षीय शेरा खातून (65), शहजाना खातून (30), सफीना खातून (40), अनवरी खातून (45), हसीना खातून (38), गुड़िया खातून (28), मेमुन खातून (42), तसलीमा खातून (45), नगीना खातून (58), हलीमा खातून (60), रानी परवीन (12), सफीदा खातून (39), रसूलन खातून (80), शहनाज खातून (35) व शेबुन खातून (60) सभी महारायडीह, आमना खातून (60) राजकुरहा तथा गुलशन खातून (40) झगरुडीह शामिल हैं. देर रात में ही सभी घायलों को उपचार के लिए जमुआ स्थित अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद आमना खातून व गुलशन खातून को धनबाद व शेरा खातून, शहजाना खातून, सफीना खातून व अनवरी खातून को रांची ले जाया गया है.

गांव पहुंचा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल

घटना की सूचना मिलने पर बुधवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, झारखंड पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य नरेश वर्मा, प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार राय, मंडल अध्यक्ष अविनाश सिंह, जिला सचिव अख्तर अंसारी तथा पंचायत अध्यक्ष इसराफिल अंसारी महारायडीह पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिले. नेताओं ने घटना तथा अस्पतालों में इलाजरत घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली. जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि इस घटना में घायल हुए लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर पार्टी स्तर से भी हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जाएगी. साथ ही प्रशासन से घायलों के समुचित इलाज एवं पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता देने की मांग की. नेताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं. उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी नेताओं को घटना की विस्तृत जानकारी दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. घटना की सूचना पर झामुमो नेता कैलाश यादव ने भी गांव पहुंचे. घटना की सूचना सीओ श्यामलाल मांझी गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola