गिरिडीह गोलीकांड: मुख्य आरोपी शिवम आजाद गिरफ्तार, भागने की फिराक में था मास्टरमाइंड

Updated:
विज्ञापन

गिरिडीह गोलीकांड में दो लोग गिरफ्तार, Symbolic Image- AI

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Giridih Crime News: गिरिडीह नगर निगम चुनाव दौरान हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी शिवम आजाद को पुलिस ने दुर्गापुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है. वह किसी महानगर भागने की फिराक में था, लेकिन SIT ने उसे साथी समेत दबोच लिया. इस हिंसक झड़प में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गयी है.

विज्ञापन

Giridih Crime News, गिरिडीह (राकेश सिन्हा): गिरिडीह नगर निगम चुनाव के दौरान सोमवार को वार्ड 18 स्थित बूथ के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में मुख्य आरोपी शिवम आजाद को पुलिस ने दुर्गापुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है. उसका एक सहयोगी भी दबोचा गया है. गिरफ्तारी मंगलवार शाम हुई. शिवम आजाद किसी महानगर में भागने की तैयारी में था. इसी सिलसिले में दुर्गापुर एयरपोर्ट पहुंचा था, लेकिन इससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया.

विज्ञापन

गिरफ्तारी के लिए किया गया था एसआईटी

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था. पुलिस की तीन टीमें बंगाल, बिहार और झारखंड के कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही थीं. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शिवम आजाद का एक सहयोगी आसनसोल में छिपा है. मंगलवार को लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया गया. उससे पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने दुर्गापुर एयरपोर्ट पर दबिश दी और शिवम आजाद को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लोकेशन ट्रेस होने की आशंका के कारण उसने पहले टिकट नहीं लिया था और अंतिम समय में टिकट लेने की योजना बना रहा था.

Also Read: सबसे सटीक, सबसे तेज: झारखंड निकाय चुनाव अपडेट देखें प्रभात खबर पर, ग्राउंड जीरो से लाइव

2 घायलों में से एक की हो चुकी है मौत

बताते चलें कि गोलीकांड में दो लोग घायल हो गये थे. उनमें से एक घायल शमीम की मौत बुधवार को इलाज के दौरान हो गयी. शव के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है. दूसरे घायल का इलाज अब भी धनबाद के एसएनएमएमसीएच में चल रहा है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चैताडीह रोड और गिरिडीह-पचंबा मार्ग को जाम कर दिया था. लोग मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन और हंगामा कर रहे थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए दो आइजी और एक डीआइजी गिरिडीह में कैंप कर रहे थे.

झिंझरी मोहल्ले के आधा दर्जन से ज्यादा लोग हिरासत में

बूथ पर हुए गोलीकांड के बाद पुलिस ने शिवम आजाद के कई करीबी और सहयोगियों को भी हिरासत में लिया है. घटना के तुरंत बाद शिवम फरार हो गया था. इसके बाद पुलिस ने झिंझरी मोहल्ला के आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. हिरासत में लिये गये लोगों से शिवम आजाद के ठिकाने और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटायी जा रही है. साथ ही साथ गोलीकांड की साजिश और घटनाक्रम को लेकर भी पूछताछ जारी है.

Also Read: चंपाई सोरेन के पोते का निधन कैसे हुआ? कुल्लू SP ने बताया मौत का असली कारण

शिवम आजाद और राजू खान के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद

गिरिडीह नगर निगम चुनाव के दौरान सोमवार को वार्ड 18 स्थित बूथ के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में मुख्य आरोपी शिवम आजाद को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है. पुलिस की छानबीन में कई जानकारियां सामने आयी हैं. जानकारी के अनुसार, दो लोगों की आपसी रंजिश इस हिंसक घटना की पृष्ठभूमि में रही. बताया जाता है कि शिवम आजाद और राजू खान के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों एक-दूसरे को फंसाने के अवसर की तलाश में थे. पूर्व में राजू खान पर जानलेवा हमला हो चुका है. वहीं राजू खान का आरोप रहा है कि शिवम कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है.

वार्ड 18 के 4 बूथों पर थी तनाव की स्थिति

नगर निगम चुनाव के दौरान दोनों के बीच लंबे समय से चल रही रंजिश खुलकर सामने आ गयी. वार्ड नंबर 18 से जहां शिवम की मां सरिता श्रीवास्तव चुनाव मैदान में थीं, वहीं दूसरी ओर इसी वार्ड से राजू खान का रिश्तेदार आदिल भी प्रत्याशी था. दोनों पक्ष अपने-अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए सक्रिय थे. चुनाव से पांच-छह दिन पहले पोस्टर फाड़ने की घटना को लेकर भी विवाद हुआ था. मतदान के दिन सुबह से ही वार्ड 18 के लिए बनाये गये चार बूथों पर तनाव की स्थिति बनी हुई थी. एक बूथ पर लाठी-डंडों से मारपीट भी हुई. इसके बाद पुलिस झिंझरी मोहल्ला स्थित बूथ पर तैनात हो गयी. बताया जा रहा है कि इसके बाद आजाद नगर मोहल्ले में स्थित बूथ पर माहौल इस कदर बिगड़ा कि विवाद गोलीकांड में तब्दील हो गया. देखते ही देखते मामला दो गुटों के बीच आमने-सामने की हिंसा में बदल गया. फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है, हालांकि पुलिस बल की तैनाती के कारण स्थिति नियंत्रण में बतायी जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola