Gridih News : धान के गोदाम में चल रही थी नकली विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री
Author Manoj kumar
Updated:
विज्ञापन
Gridih News : 34 पेटी नकली विदेशी शराब समेत भारी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद
विज्ञापन
Gridih News : गिरिडीह. गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चिताखारो गांव में शराब माफियाओं द्वारा सेफ जोन बनाकर बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब तैयार करने की फैक्ट्री संचालित किये जाने का खुलासा हुआ है. इस मामले का भंडाफोड़ उत्पाद विभाग की टीम और भरकट्टा ओपी पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर किया है.
मंगलवार को पपरवाटांड़ स्थित उत्पाद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सब-इंस्पेक्टर रवि रंजन और भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ-साथ शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गयी हैं. हालांकि इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. बताया गया कि चिताखारो गांव में धान के एक गोदाम को शराब माफियाओं ने सेफ जोन के रूप में विकसित कर रखा था. इसी गोदाम के भीतर अवैध रूप से नकली विदेशी शराब तैयार करने की फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था. इसकी गुप्त सूचना उत्पाद विभाग को मिली थी, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए भरकट्टा ओपी पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गई. जब उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम गोदाम के अंदर पहुंची, तो वहां का नजारा देख अधिकारी और कर्मी हैरान रह गये. गोदाम के भीतर नकली विदेशी शराब तैयार करने के लिए उपकरण, खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल, केमिकल और तैयार शराब का भंडारण किया गया था.ट्रैक्टर भर बोतलें और छह गैलन नकली शराब भी बरामद, नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम :
छापेमारी के दौरान संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को चारों ओर से सील कर दिया, ताकि कोई भी संदिग्ध मौके से फरार न हो सके. इसके बाद गोदाम की गहन तलाशी ली गई, जहां से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद किया गया. अधिकारियों ने बताया कि मौके से विभिन्न अंग्रेजी ब्रांड की कुल 34 पेटी अवैध शराब जब्त की गयी है. इसके अलावा एक ट्रैक्टर भरकर रखी गई खाली शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिनका उपयोग नकली शराब भरने में किया जा रहा था. छापेमारी के दौरान छह गैलन में भरी नकली शराब भी जब्त की गयी है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बतायी जा रही है. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यहां तैयार की जा रही नकली विदेशी शराब को आसपास के इलाकों में खपाने की तैयारी थी. जब्त की गयी शराब और सामग्री को मौके पर ही सील कर विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत कब्जे में ले लिया गया. वहीं उत्पाद विभाग की टीम अब इस अवैध धंधे से जुड़े शराब माफियाओं की पहचान और उनके नेटवर्क को खंगालने में जुट गयी है. अधिकारियों का कहना है कि नकली शराब बनाने और उसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.विज्ञापन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन