मतदाता पुनरीक्षण में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, एक पंचायत सचिव का वेतन रोका
बैठक के दौरान डीडीसी समेत सुपरवाइजर तथा बीएलओ | Prabhat Khabar Network
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है. अपेक्षित प्रगति न मिलने पर गावां के पंचायत सचिव कार्तिक विश्वकर्मा का वेतन रोक दिया गया है और चार अन्य अधिकारियों से जवाब मांगा गया है. यह कार्रवाई निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में की गई है.
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर बुधवार को अनुमंडल सभागार, खोरीमहुआ में 28-धनवार विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलओ पर्यवेक्षकों की समीक्षा बैठक हुई. डीडीसी स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार और स्थानांतरण से संबंधित आवेदनों की बूथवार समीक्षा की गयी. निर्वाचन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गावां के पंचायत सचिव कार्तिक विश्वकर्मा का वेतन स्थगित कर स्पष्टीकरण मांगा. वहीं, चार अन्य बीएलओ पर्यवेक्षकों से भी जवाब तलब किया गया.
आपके शहर में
5 अगस्त से 31 अगस्त तक मिले 3,496 प्रपत्र-6
समीक्षा के दौरान बताया गया कि 5 अगस्त से 31 अगस्त तक धनवार विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,496 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं. बैठक में सभी 48 बीएलओ पर्यवेक्षकों से उनके अधीन मतदान केंद्रों पर प्राप्त आवेदनों और नये पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली गयी.
डीडीसी ने निर्देश दिया कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं से प्रपत्र-6 प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए. इसके अलावा छूटे हुए पात्र नागरिकों, नवविवाहित महिलाओं और नये निवासियों समेत ऐसे सभी लोगों की पहचान करने को कहा गया, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है.
एक का वेतन रोका, चार से मांगा स्पष्टीकरण
निर्वाचन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने के मामले में गावां के पंचायत सचिव कार्तिक विश्वकर्मा का वेतन स्थगित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया. इसके अलावा तिसरी के पंचायत सचिव धानेश्वर रविदास, पंचायत सचिव संदीप कुमार रजक, गावां के जनसेवक सामुएल मुर्मू और धनवार की श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी दीपिका कुमार से भी स्पष्टीकरण मांगा गया.
मतदान केंद्रवार लक्ष्य तय कर काम करने का निर्देश
अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ समीर खलखो ने सभी पर्यवेक्षकों को मतदान केंद्रवार कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया. उन्होंने आवेदनों और संलग्न दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच करने तथा प्रतिदिन कार्य की समीक्षा करने को कहा.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, समावेशिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है. सभी बीएलओ पर्यवेक्षकों को अपने अधीनस्थ बीएलओ को लगातार मार्गदर्शन और सहयोग देने तथा निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित समय-सीमा में जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में धनवार नगर पंचायत के सुपरवाइजर सहित रानी सिंह, सीआई अभिषेक कुमार, संतोष कुमार, धर्मेंद्र कुमार, निर्मला कुमारी, दीपिका कुमारी समेत संबंधित बीएलओ और अन्य कर्मी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए