मूसलाधार बारिश से बगोदर में नदियां उफनीं, कई सड़कों का हुआ कटाव; आवागमन प्रभावित
जमुनिया नदी का बढ़ा जलस्तर | Prabhat Khabar Network
बगोदर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और कई सड़कें कट गई हैं. बेलगाय-जमुआरी और अडवारा-मंझलाडीह मार्ग पर आवागमन मुश्किल हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं.
बगोदर और आसपास के इलाकों में सोमवार और मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और तालाबों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. कई गांवों की सड़कों पर कटाव होने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है. बगोदर-हरिहरधाम मार्ग स्थित जमुनिया नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया. वहीं, अडवारा पंचायत के बेलगाय और जमुआरी जाने वाले मार्ग पर नहर के पास सड़क का कटाव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
आपके शहर में
बेलगाय-जमुआरी मार्ग पर बढ़ा हादसे का खतरा
दो दिनों की बारिश के बाद अडवारा पंचायत के बेलगाय और जमुआरी जाने वाली सड़क पर नहर के समीप कटाव हो गया है. सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण दिन में भी लोगों को संभलकर आवागमन करना पड़ रहा है. शाम और रात के समय यहां दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है.

स्थानीय युवक अरुण कुमार मोदी ने बताया कि नहर का काम अधूरा पड़ा है. यदि समय रहते सड़क और नहर के समीप बने कटाव की मरम्मत नहीं की गयी तो सड़क का बड़ा हिस्सा धंस सकता है, जिससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.
खेड़ो नदी के पुल के ऊपर से बहा पानी
लगातार बारिश के कारण अडवारा-मंझलाडीह सड़क स्थित खेड़ो नदी भी उफान पर आ गयी. नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. पानी का बहाव बढ़ने के कारण लोगों को पुल पार करने में जोखिम उठाना पड़ा.

बुधवार को बारिश की रफ्तार कम होने के बाद नदी के जलस्तर में कुछ कमी आयी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली. हालांकि, स्थानीय लोगों ने अडवारा-मंझलाडीह पुल पर सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि रेलिंग नहीं होने से पुल पर हादसे की आशंका बनी रहती है.
जमुनिया नदी ने बदला रूप
बगोदर की जीवनदायिनी मानी जाने वाली जमुनिया नदी का जलस्तर भी दो दिनों की बारिश के बाद काफी बढ़ गया. सामान्य दिनों में नाले की तरह दिखने वाली नदी में पानी सूर्य मंदिर तक पहुंच गया. नदी के बढ़े जलस्तर को देखने के लिए आसपास के लोग भी पहुंचे.
इसके अलावा खम्भरा, बेको समेत क्षेत्र की अन्य नदियों में भी पानी का जलस्तर बढ़ गया. कई जगहों पर पुल के ऊपर तक पानी पहुंचने की स्थिति बनी. बारिश के कारण कुछ स्थानों पर लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा. स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए