Giridih News :प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स ने की क्रशरों की जांच
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 14 Feb 2026 11:06 PM
Giridih News :प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स ने शनिवार को भंडारीडीह पंचायत के बाघरा में संचालित क्रशरों की जांच की. जांच के दौरान एक क्रशर बंद मिला. वहीं, चालू दो क्रशरों के संचालकों से अधिकारियों ने कागजात दिखाने की बात कही. संचालकों के कागजात नहीं दिखाने पर अधिकारी फड़क गये.
टीम के सदस्यों ने अंचल कार्यालय में क्रशर संचालन से संबंधित दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया है. कहा है तय सीमा के अंदर क्रशर संचालन के अलावा भंडारण, बिक्री किये गये गिट्टी के एवज में जारी किया गया चालान सहित अन्य दस्तावेज को अंचल कार्यालय में जमा नहीं करने पर क्रशरों को सील कर दिया जायेगा और विभागीय कार्रवाई के साथ साथ जुर्माना भी वसूला जायेगा. वहीं, बंद क्रशर के कर्मियों को भी संचालक से कागजात जमा करने का हिदायत किया है. टीम में सीओ आमिर हमजा, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव सदल-बल मौजूद थे. अधिकारियों ने बताया कि बेंगाबाद के बाघरा में बिना कागजात के फर्जी तरीके से क्रशर संचालन और बोल्डर भंडारण की सूचना मिली थी. क्रशरों के संचालक बिना चालान के ही गिट्टी बेचकर विभाग को राजस्व का नुकसान किये जाने की भी बात सामने आयी थी. जानकारी मिलने के बाद टीम जांच पड़ताल के क्रशर पहुंचे.
गिट्टी लोडकर जा रहा ट्रैक्टर धराया
इधर, क्रशरों की जांच कर रही लौट रही टीम के सदस्यों ने एक ट्रैक्टर को गिट्टी लोड कर जाते देखा. मुख्य मार्ग पर तेजी से गुजर रहे ट्रैक्टर चालक को अधिकारियों ने रोकने का प्रयास किया, तो चालक वाहन छोड़ फरार हो गया. इसके बाद सदस्यों ने उक्त ट्रैक्टर को कब्जे में कर लिया. काफी देर तक इंतजार के बाद भी ट्रैक्टर का मालिक नहीं पहुंचा, तो गिट्टी लोड ट्रैक्टर को टीम थाना ले आयी. खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव के आवेदन पर थाना में ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. आवेदन में कहा है कि बिना कागजात के गिट्टी परिवहन कर रहे ट्रैक्टर मालिक विभाग को नुकसान पहुंचा रहे थे. कहा कि जांच की जायेगी कि किस क्रशर से गिट्टी लोड किया गया था. उक्त क्रशर संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी. विभागीय कार्रवाई से अवैध क्रशर संचालकों व गिट्टी आपूर्तिकर्ताओं और ट्रैक्टर मालिकों में हड़कंप है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










