नासूर बना अतिक्रमण, जाम से शहर परेशान

Updated at : 18 Jul 2018 5:27 AM (IST)
विज्ञापन
नासूर बना अतिक्रमण, जाम से शहर परेशान

गिरिडीह : इन दिनों अतिक्रमण की समस्या शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गयी है. अतिक्रमण की वजह से आये दिन शहरी क्षेत्र में सड़क जाम लग जा रहा है. इससे आम व खास सभी परेशान है. यूं तो कुछ माह पूर्व अतिक्रमण हटाओ अभियान चलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली […]

विज्ञापन
गिरिडीह : इन दिनों अतिक्रमण की समस्या शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गयी है. अतिक्रमण की वजह से आये दिन शहरी क्षेत्र में सड़क जाम लग जा रहा है. इससे आम व खास सभी परेशान है. यूं तो कुछ माह पूर्व अतिक्रमण हटाओ अभियान चलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन हाल के दिनों में बेतरतीब तरीके से सब्जी, फल व अन्य सामग्री की दुकानें व ठेला लगाये जाने के कारण पहले जैसी स्थिति बन गयी है.
अतिक्रमण की वजह से शाम के वक्त जेपी चौक से लेकर मौलाना आजाद चौक, कालीबाड़ी चौक से लेकर मकतपुर चौक, बड़ा चौक से लेकर गांधी चौक, मुस्लिम बाजार व गद्दी मुहल्ला में जाम लगा रहता है. जाम लगने से आम लोगों के साथ-साथ छात्र-छात्राआें को अपने गंतव्य तक जाने में घंटों लग जाता है. अतिक्रमण के कारण शहरवासियों को हो रही परेशानी के मद्देनजर नगर निगम द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है.
प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में एसडीओ विजया जाधव के नगर निगम में पदस्थापित रहने के दौरान लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था. इससे जनता को राहत भी मिली थी. किंतु हालियों दिनों में इस अभियान में शिथिलता आ गयी है. स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासक से अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने व पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है. इस बाबत कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा ने कहा कि नगर निगम की लचर व्यवस्था का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने जन सुविधा पर विशेष ध्यान देने की मांग की है.
नगर आयुक्त ने किया नोडल पदाधिकारी प्रतिनियुक्त
गिरिडीह. नगर निगम के नगर आयुक्त गणेश कुमार ने निगम क्षेत्र अंतर्गत साफ-सफाई कार्य, जलापूर्ति कार्य, प्रकाश व्यवस्था एवं अतिक्रमण हटाने के कार्य आदि के पर्यवेक्षण के लिए पूर्व आवंटित कार्य के अतिरिक्त नोडल पदाधिकारी के रूप में कई पदाधिकारियों व कर्मचारियों को प्रतिनियुक्त किया है. इसके तहत सहायक अभियंता प्रमोद कुमार को जलापूर्ति कार्य, चापाकल मरम्मत कार्य का अनुश्रवण-पर्यवेक्षण के लिए नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है.
इनके अधीनस्थ कनीय अभियंता सलाही फिरोज व सहायक सुरेंद्र कुमार शर्मा को रखा गया है. नगर प्रबंधक प्रशांत भारतीय को पूरे शहरी क्षेत्र की साफ-सफाई कार्य का अनुश्रवण-पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. इनके अधीनस्थ लखन शर्मा, शब्बीर अंसारी, अशोक, दिलीप हाड़ी, संतोष गोप, सेवा महतो, गणेश हरिजन, सभी सर्किल प्रभारी, मोहन प्रसाद वर्मा व सज्जाद अली रहेंगे. सहायक अंजित चंद्रा को प्रकाश व्यवस्था एवं अतिक्रमण हटाने के कार्य का अनुश्रवण-पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गयी है. इनके अधीनस्थ प्रकाश व्यवस्था के लिए अरुण राम, मो. फकरूद्दीन, राजा शर्मा, सभी बिजली मिस्त्री, संजीव कुमार, मो. सलाम, सुरेंद्र कुमार यादव तथा अतिक्रमण हटाने के लिए विपिन कुमार सिंह, अमीरक प्रसाद, गंभीर सिंह, अशोक रवानी, श्रीकांत यादव व आकाश कुमार सिंह को रखा गया है.
समस्याओं के समाधान को लेकर चलेगा अभियान : मेयर
गिरिडीह : मेयर सुनील पासवान ने कहा कि जनता की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जा रहा है. जहां तक अतिक्रमण की समस्या का सवाल है तो इसके लिए नोडल पदाधिकारी प्रतिनियुक्त कर जिम्मेदारी सौंपी गयी है. एसपी से वार्ता के बाद 1-4 का फोर्स उपलब्ध करा दिया गया है. उन्होंने कहा कि निगम के कर्मी अतिक्रमण हटाने का कार्य करते हैं, लेकिन कर्मियों के वापस आने के बाद पुन: दुकानदार अपनी दुकानें लगा देते हैं. उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान को लेकर निरंतर अभियान चलाया जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola