मरहटिया आश्रम में श्रद्धा, सेवा और संस्कार के संकल्प के साथ मना श्री सर्वेश्वरी समूह का स्थापना दिवस

Updated:
विज्ञापन

श्री सर्वेश्वरी समूह का स्थापना दिवस | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

श्री सर्वेश्वरी समूह का स्थापना दिवस गढ़वा के महावराह पीठ में श्रद्धा, सेवा और संस्कार के संकल्प के साथ मनाया गया. मानव सेवा और संस्कार पर जोर.

विज्ञापन

गढ़वाः श्री सर्वेश्वरी समूह की मरहटिया शाखा स्थित महावराह पीठ में समूह का स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना के साथ मनाया गया. सुबह प्रभात फेरी से शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात तक संकीर्तन के साथ चला. पूरे दिन आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष अनुयायी एवं श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए.

विज्ञापन

सुबह चार बजे से शुरू हुई कार्यक्रम की तैयारी

कार्यक्रम को लेकर सुबह चार बजे से ही स्वयंसेवक आश्रम परिसर की साफ-सफाई और तैयारियों में जुट गये थे. सुबह छह बजे वाहन की पूजा-अर्चना के बाद प्रभात फेरी सह परिभ्रमण शुरू हुआ. करीब 30 किलोमीटर के परिभ्रमण के दौरान पंचपड़वा प्रार्थना गृह में परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम की पूजा-अर्चना और आरती की गई. रांची से पहुंचे वीरेंद्र चौबे ने श्री सर्वेश्वरी ध्वज फहराया. करीब 9.15 बजे परिभ्रमण के बाद वाहन आश्रम लौटा, जहां आरती के साथ प्रभात फेरी का समापन हुआ.

ये भी पढ़ें- 35 साल बाद फिर साथ दिखे सेल माइंस उच्च विद्यालय के 1990 बैच के सहपाठी, यादें हुईं ताजा

मानव सेवा और संस्कार को जीवन में उतारने का संदेश

इस अवसर पर शाखा उपाध्यक्ष रवींद्र नाथ द्विवेदी ने परम पूज्य गुरुपद संभव राम जी के संदेशों से अनुयायियों को अवगत कराया. उन्होंने कहा कि परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम ने श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थापना मानव कल्याण और मानव सेवा के उद्देश्य से की थी. उन्होंने बताया कि परम पूज्य गुरुपद संभव राम जी इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को अपनी जड़ों और खेती की ओर लौटने, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज की कुरीतियों के खिलाफ सजग रहने का संदेश देते हैं.

उन्होंने कहा कि परम पूज्य गुरुपद संभव राम जी संत के साथ सैनिक का आचरण रखने की प्रेरणा देते हैं. इसका उद्देश्य सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है. अपनी संस्कृति और संस्कारों की रक्षा के लिए इन्हें केवल विचारों तक सीमित रखने के बजाय आचरण में उतारना जरूरी है. मानव सेवा को जीवन का हिस्सा बनाकर समाज में सेवा भावना का वातावरण तैयार करना ही परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम के विचारों को आत्मसात करने का मार्ग है.

ये भी पढ़ें- भवनाथपुर में 41 साल से यात्री ट्रेन का इंतजार, घोषणा और सर्वे के बाद भी नहीं बदली तस्वीर

भजन और पारिवारिक गोष्ठी में रखे गए विचार

पूर्वाह्न 11 बजे स्थानीय गायकों ने भक्ति गीत और भजनों की प्रस्तुति दी. इसके बाद दोपहर में सुशीला द्विवेदी की अध्यक्षता में पारिवारिक गोष्ठी आयोजित हुई. इसमें डॉ शशांक भारद्वाज और पूनम सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं. कार्यक्रम का संचालन झब्बूजी ने किया. गोष्ठी में ‘श्री सर्वेश्वरी विचार, महावराह तथा भारतीय संस्कृति और संस्कार : आज के विश्व में आवश्यकता और औचित्य’ विषय पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे.

लंगर में सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद

दोपहर में प्रसाद वितरण और लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया. शाम सात बजे से रात करीब 10 बजे तक संकीर्तन का आयोजन हुआ. संकीर्तन के दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा.कार्यक्रम में डीपीएम (स्वास्थ्य) गौरव कुमार, गढ़वा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष बबलू पटवा सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष अनुयायी और श्रद्धालु उपस्थित थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola