गढ़वा में 'जस्टिस ऑन व्हील्स' से कानूनी जागरूकता, गरीबों को मुफ्त कानूनी सहायता की दी जानकारी
कार्यक्रम में उपस्थित लोग एवं जानकारी देते डीएलएसए के सदस्य | Prabhat Khabar Network
गढ़वा में जस्टिस ऑन व्हील्स अभियान के जरिए गरीबों को मुफ्त कानूनी सहायता और वकील उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जानें कैसे उठाएं इस सरकारी योजना का लाभ।
गढ़वा : जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा के तत्वावधान में नगर अनुमंडल न्यायालय परिसर में सोमवार को 'जस्टिस ऑन व्हील्स' के माध्यम से विशेष कानूनी जागरूकता एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया. अभियान का उद्देश्य समाज के वंचित, गरीब और असहाय वर्गों तक मुफ्त कानूनी सहायता पहुंचाना और उनकी कानूनी शंकाओं का समाधान करना था.
पैसों की कमी से न्याय से पीछे न हटें : सुधीर तिवारी
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सुधीर कुमार तिवारी ने कहा कि पैसों की कमी के कारण किसी भी निर्धन व्यक्ति को न्याय की लड़ाई से पीछे हटने की जरूरत नहीं है. उन्होंने बताया कि डीएलएसए की ओर से आरोपियों को पुलिस रिमांड से लेकर अदालत में बहस और जमानत तक कानूनी सहायता उपलब्ध करायी जाती है. इसके लिए जरूरतमंदों को मुफ्त वकील भी उपलब्ध कराया जाता है.
स्थायी लोक अदालत के सदस्य मनोज दुबे ने नागरिकों को इसके माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बिजली बिल, पेयजल आपूर्ति, बैंक लोन, बीमा दावे और सार्वजनिक परिवहन जैसी जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का निबटारा बिना कोर्ट-कचहरी के, कम समय में और बिना कोर्ट फीस के स्थायी लोक अदालत के माध्यम से कराया जा सकता है.
गांव-गांव जाकर योजनाओं का प्रचार करने का निर्देश
कार्यक्रम में मौजूद पैरा लीगल वालंटियर्स को गांव और मोहल्लों में जाकर नालसा की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया, ताकि जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता और योजनाओं की जानकारी पहुंच सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए