क्या भवनाथपुर में बदलेगा सियासी समीकरण? JLKM के संपर्क में अनंत प्रताप देव के पूर्व करीबी दीपक प्रताप देव
दीपक ने अपने आवास पर JLKM के नेताओं से की मुलाकात | Prabhat Khabar Network
भवनाथपुर की राजनीति में हलचल, दीपक प्रताप देव की जयराम महतो की पार्टी JLKM के नेताओं से मुलाकात के बाद सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। जानें पूरी खबर.
भवनाथपुर (गढ़वा). भवनाथपुर विधानसभा की राजनीति में एक बार फिर नये सियासी समीकरण बनने के संकेत मिलने लगे हैं. झामुमो विधायक अनंत प्रताप देव के कभी करीबी रहे युवा नेता दीपक प्रताप देव की अब जयराम महतो की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) से बढ़ती नजदीकी चर्चा में है. दीपक ने खुद फेसबुक पोस्ट के जरिए जेएलकेएम नेताओं से मुलाकात की जानकारी साझा की है. इसके बाद उनके जेएलकेएम में शामिल होने की अटकलें तेज हो गयी हैं.
आपके शहर में
आवास पर हुई JLKM नेताओं से मुलाकात
दीपक प्रताप देव ने फेसबुक पर बताया कि उनके आवास पर जेएलकेएम सुप्रीमो टाइगर जयराम महतो के निर्देश पर पार्टी की केंद्रीय उपाध्यक्ष आयशा सिंह ने शिष्टाचार और औपचारिक मुलाकात की. इस दौरान संगठन के पलामू प्रभारी भी मौजूद रहे. दीपक ने इस मुलाकात को फिलहाल शिष्टाचार मुलाकात बताया है. हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इसे केवल औपचारिक मुलाकात के तौर पर नहीं देखा जा रहा है. जेएलकेएम नेताओं के साथ उनकी मुलाकात के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गयी हैं.
भानु प्रताप को हराने वाली तिकड़ी में थे दीपक
दीपक प्रताप देव एक समय भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव के बेहद भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल थे. 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही को हराने के लिए अनंत प्रताप देव, ताहिर अंसारी और दीपक प्रताप देव की तिकड़ी ने चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी. अनंत प्रताप देव की जीत के बाद यह तिकड़ी भवनाथपुर की राजनीति में काफी चर्चा में रही थी. हालांकि, चुनाव के बाद धीरे-धीरे राजनीतिक समीकरण बदलने लगे.
विधायक से दूरी के बाद अलग राह
दीपक ने विधायक अनंत प्रताप देव की कार्यशैली और क्षेत्र में संगठन के संचालन को लेकर सवाल उठाये और धीरे-धीरे उनसे दूरी बना ली. जुलाई 2026 में उन्होंने सार्वजनिक रूप से विधायक के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपनी अलग राजनीतिक राह के संकेत दिए थे. उस समय दीपक ने खुद को झामुमो के साथ बताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति अपनी निष्ठा भी जतायी थी. इसके बाद उन्होंने झामुमो से अलग होने का फैसला किया.
JLKM से जुड़ने की अटकलें
झामुमो से दूरी के बाद अब जेएलकेएम नेताओं के साथ दीपक प्रताप देव की बढ़ती नजदीकी ने भवनाथपुर की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. खास बात यह है कि दीपक ने खुद पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जेएलकेएम की केंद्रीय उपाध्यक्ष के अपने आवास पर पहुंचने की जानकारी सार्वजनिक की है.
नये राजनीतिक मंच की तलाश
ऐसे में राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहा है कि क्या दीपक प्रताप देव जेएलकेएम के साथ अपनी नयी राजनीतिक पारी शुरू करने की तैयारी में हैं. क्या वे 2029 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से नये राजनीतिक मंच की तलाश कर रहे हैं. इन सवालों का स्पष्ट जवाब फिलहाल सामने नहीं आया है.
ये भी पढ़ें: सुदिव्य सोनू के निधन से शोक में भानु शाही, बोले- परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दे ईश्वर
2029 के चुनाव से पहले बन सकते हैं नये समीकरण
भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में 2029 के चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं. एक ओर अनंत प्रताप देव और दीपक प्रताप देव के बीच राजनीतिक दूरी सार्वजनिक हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर दीपक का जेएलकेएम के साथ संपर्क नये समीकरण की ओर इशारा कर रहा है.
ये भी पढ़ें: मैंने एक सच्चा साथी खोया, सुदिव्य सोनू के निधन पर बोले मिथिलेश ठाकुर
चुनावी मुकाबले को लेकर राजनीतिक दावेदार
अगर दीपक प्रताप देव जेएलकेएम में शामिल होते हैं, तो इसका असर भवनाथपुर की चुनावी राजनीति पर पड़ सकता है. खासकर ऐसे समय में जब क्षेत्र में संभावित चुनावी मुकाबले को लेकर राजनीतिक दावेदार अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं. फिलहाल दीपक प्रताप देव की जेएलकेएम में औपचारिक एंट्री की घोषणा नहीं हुई है. इसलिए उनकी मौजूदा गतिविधियों को राजनीतिक नजदीकी और संभावित नयी पारी के संकेत के तौर पर ही देखा जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए