गढ़वा: सड़क उखाड़कर छोड़ दिया, एक माह से धूल फांक रहे व्यवसायी

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

विशुनपुरा-मझिआंव सड़क के धीमे निर्माण से स्थानीय व्यवसायी और ग्रामीण परेशान हैं. धूल और गिट्टी से आवागमन मुश्किल हो रहा है. जल्द कालीकरण की मांग की जा रही है.

विज्ञापन

विशुनपुरा. रमना–विशुनपुरा–मझिआंव मुख्य सड़क के निर्माण में बरती जा रही कथित लापरवाही से विशुनपुरा बाजार के व्यवसायी और ग्रामीण परेशान हैं. करीब एक माह पहले सड़क को उखाड़कर उस पर गिट्टीयुक्त डस्ट बिछायी गयी थी, लेकिन अब तक कालीकरण नहीं होने से वाहनों के आवागमन के दौरान दिनभर धूल उड़ रही है. बाजार के करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में रहने वाले लगभग 400 व्यवसायी और बड़ी संख्या में ग्रामीण इससे प्रभावित हैं.

विज्ञापन

खाद्य सामग्री पर जम रही धूल

व्यवसायियों का कहना है कि वाहनों के गुजरते ही सड़क से धूल का गुबार उठता है और कुछ ही देर में दुकानों के सामान पर धूल की परत जम जाती है. इससे सब्जी, फल, मिठाई सहित अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों को विशेष परेशानी हो रही है. उनका कहना है कि खाद्य सामग्री पर धूल बैठने से उसकी स्वच्छता को लेकर भी चिंता बनी हुई है.

गिट्टी से दुर्घटना का खतरा

सड़क पर जगह-जगह बिखरी गिट्टी भी परेशानी का कारण बनी हुई है. ग्रामीणों के अनुसार वाहनों के टायर से गिट्टी उछलकर राहगीरों और दुकानों तक पहुंच रही है. वहीं, गिट्टी के कारण दोपहिया वाहन चालकों के असंतुलित होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार वाहन चालक गिरने से बाल-बाल बचे हैं.

पानी का छिड़काव भी नहीं

व्यवसायियों ने बताया कि निर्माण एजेंसी की ओर से सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव भी नहीं कराया जा रहा है. उनका कहना है कि पानी का छिड़काव होने से उड़ती धूल से लोगों को तत्काल राहत मिल सकती है. व्यवसायियों ने यह भी कहा कि इस सड़क से प्रतिदिन पदाधिकारियों और अधिकारियों के वाहन गुजरते हैं, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.

जल्द कालीकरण कराने की मांग

मनोज यादव, लालमन चंद्रवंशी, पृथ्वी पाल, नवल किशोर पाल, राजू गुप्ता, उपेंद्र गुप्ता, उदय चौरसिया, दिनेश शर्मा, अजय गुप्ता, अयोध्या प्रसाद और उदय प्रसाद सहित अन्य व्यवसायियों व ग्रामीणों ने सड़क पर तत्काल पानी का छिड़काव कराने तथा लंबित कालीकरण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि एक माह से धूल और गिट्टी के बीच आवागमन व व्यवसाय करना पड़ रहा है. इससे सांस लेने में भी परेशानी हो रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola