जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीसी
उपायुक्त ने भंडरिया व बड़गड़ प्रखंड का किया औचक दौरा| Prabhat Khabar Network
गढ़वा डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने भंडरिया और बड़गड़ में स्वास्थ्य व प्रशासनिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रतिनिधि, गढ़वा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने शनिवार को भंडरिया और बड़गड़ प्रखंड का व्यापक दौरा कर स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआइआर-2026) का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उपायुक्त ने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भंडरिया का निरीक्षण किया. उन्होंने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा दवा स्टॉक और उपस्थिति पंजी की जांच की.
आपके शहर में
अस्पताल में पेयजल की समस्या को देखते हुए कार्यपालक अभियंता को तत्काल बोरिंग कराने का निर्देश दिया. साथ ही चिकित्सकों से दुर्व्यवहार करने वाले सुरक्षा गार्ड को हटाने की कार्रवाई की पुष्टि की. इसके बाद उन्होंने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, भंडरिया का निरीक्षण किया. विद्यालय में 233 छात्र-छात्राओं के लिए भोजन, पेयजल और आवासीय व्यवस्था संतोषजनक पायी गयी.
उपायुक्त ने भंडरिया और बड़गड़ प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों का भी निरीक्षण किया. इस दौरान बीडीओ राकेश भूषण सिंह और राजीव कुमार के साथ अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मनरेगा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआइआर-2026 के तहत मतदाता पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत और त्रुटिरहित पूरा किया जाये. साथ ही कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जायेगी.
अनुपस्थित मिले चिकित्सक, कार्रवाई का निर्देश
बड़गड़ प्रखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान डॉ कृष्ण कुमार छह जुलाई से अनुपस्थित मिले. इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए सूचित करने का निर्देश दिया. ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए