SIR Voter List: गढ़वा के भवनाथपुर में हर 100 नए नाम पर 74 संशोधन, जानिए जिले में कितने आवेदन आए
गढ़वा में अब तक 14,994 फॉर्म-6 और 9,131 फॉर्म-8 जमा
गढ़वा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान जारी है. भवनाथपुर में हर 100 नए नामों के साथ 74 संशोधन के आवेदन आए हैं. 15 सितंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराएं.
गढ़वाः विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान गढ़वा जिले में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के साथ पुराने विवरणों में सुधार कराने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं. 12 सितंबर को जिले में 676 फॉर्म-6 जमा हुए. इसी दिन मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए 603 फॉर्म-8 भी प्राप्त हुए. यानी एक दिन में नये नाम जोड़ने के आवेदनों की तुलना में संशोधन के दावों की संख्या करीब 89 फीसदी रही.
जिले में अब तक 14,994 लोगों ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 जमा किया है. वहीं 9,131 मतदाताओं ने संशोधन के लिए फॉर्म-8 दिया है। इसके अलावा नाम हटाने के लिए 74 फॉर्म-7 और विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं से संबंधित एक फॉर्म-6ए प्राप्त हुआ है.
ये भी पढ़ें- सेवा विस्तार खत्म, फिर भी काम कर रहे रेंजर-एसीएफ ! चतरा मामले में पीसीसीएफ ने मांगा जवाब
भवनाथपुर में संशोधन का अनुपात अधिक
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के संशोधन को लेकर गतिविधि अपेक्षाकृत अधिक है. यहां अब तक 7,755 फॉर्म-6 जमा हुए हैं, जबकि 5,769 फॉर्म-8 प्राप्त हुए हैं. इस तरह हर 100 नये नाम जोड़ने के आवेदन के साथ करीब 74 संशोधन के आवेदन आए हैं.
वहीं गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में 7,239 फॉर्म-6 के मुकाबले 3,362 फॉर्म-8 जमा हुए हैं. यानी यहां हर 100 नये नाम जोड़ने के आवेदन पर करीब 46 संशोधन के दावे आए हैं.
दोनों विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़ों से स्पष्ट है कि एसआईआर के दौरान नये मतदाताओं को सूची में शामिल कराने के साथ पहले से दर्ज मतदाताओं के नाम, पता और अन्य विवरणों को दुरुस्त कराने की प्रक्रिया भी बड़े स्तर पर चल रही है.
15 सितंबर तक दावे-आपत्तियां
एसआईआर के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है. दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है. इसके बाद प्राप्त दावे और आपत्तियों का निष्पादन 14 अक्तूबर तक किया जाएगा. इसके बाद 19 अक्तूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा.
ये भी पढ़ें- PLFI उग्रवादियों से मुठभेड़ में साहस दिखाने वाले हवलदार अरविंद मिंज को मिला गैलेंट्री प्रमोशन
आंकड़ों में गढ़वा
- 14,994 फॉर्म-6 अब तक प्राप्त
- 9,131 फॉर्म-8 जमा
- 74 फॉर्म-7 प्राप्त
- 676 फॉर्म-6 एक दिन में आये
- 603 फॉर्म-8 एक दिन में आये
- 15 सितंबर दावे-आपत्ति की अंतिम तिथि
- 19 अक्तूबर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए