उग्रवाद मुक्त भवनाथपुर में फिर दिखा हथियारबंद दस्ता, आखिर कौन हैं ये लोग? ग्रामीणों में दहशत

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक फोटो

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भवनाथपुर के कैलान जंगल में दो दर्जन से अधिक हथियारबंद लोगों के देखे जाने से हड़कंप मच गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. जानें क्या है पूरा मामला.

विज्ञापन

भवनाथपुर से विजय सिंह की रिपोर्ट

विज्ञापन

भवनाथपुर (गढ़वा). भवनाथपुर थाना क्षेत्र के कैलान जंगल में शनिवार सुबह दो दर्जन से अधिक हथियारबंद लोगों के देखे जाने की सूचना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. करीब एक दशक बाद जंगल में एक साथ इतने हथियारबंद लोगों के देखे जाने की खबर से कैलान सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जंगल में जुटे लोग किसी आपराधिक गिरोह के सदस्य हैं या किसी उग्रवादी संगठन को फिर से सक्रिय करने की कोशिश से उनका संबंध है.

ग्रामीणों का प्रत्यक्ष अनुभव

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कैलान जंगल के पूर्वी हिस्से में गुलेरियाडेरा के समीप मवेशी चराने गये कुछ ग्रामीणों ने हथियार लिये लोगों के एक समूह को देखा. ग्रामीणों के अनुसार, समूह में दो दर्जन से अधिक लोग थे. इनमें कुछ लोग सादे कपड़ों में थे और उनके हाथों में छोटे हथियार थे. इन हथियारबंद लोगों को देखते ही ग्रामीण सिटपिटा गए. वे डर के मारे कांपते हुए तुरंत गांव लौट आए. वहां उन्होंने बाकी लोगों को इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.

जंगल में रोके गए ग्रामीण

ग्रामीणों के मुताबिक, जंगल में लकड़ी काट रहे एक व्यक्ति को भी हथियारबंद लोगों ने रोक लिया. उसे हरा पेड़ नहीं काटने की हिदायत देते हुए कड़ी फटकार लगायी गयी. इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है. लोग अब जंगल की ओर जाने से कतरा रहे हैं, किसी को भी डर है कि कहीं वे भी न फँस जाएँ.

2013 के बाद नहीं सामने आयी उग्रवादी गतिविधि

भवनाथपुर, खरौंधी और केतार थाना क्षेत्रों को लंबे समय से उग्रवाद मुक्त माना जाता रहा है. वर्ष 2013 के बाद इन इलाकों में नक्सली गतिविधियों में काफी कमी आयी थी. बड़े स्तर पर किसी उग्रवादी दस्ते की मौजूदगी सामने नहीं आयी थी.

हालांकि, बीच-बीच में गर्मी के मौसम में जंगल क्षेत्र में बीड़ी पत्ता कारोबारियों को डराने-धमकाने और वसूली के लिए आपराधिक तत्वों के घूमने की सूचनाएं मिलती रही हैं. ऐसे में एक दशक से अधिक समय बाद जंगल में दो दर्जन से ज्यादा हथियारबंद लोगों के देखे जाने की सूचना ने पुलिस और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें: 8 साल बाद भी गांव के शिक्षकों को शहर का इंतजार, नहीं हुआ जोनवार ट्रांसफर

रात से ही जंगल में पुलिस की सक्रियता

सूचना मिलने के बाद भवनाथपुर पुलिस ने शनिवार देर रात तक जंगल क्षेत्र में भ्रमण किया. रविवार को भी संदिग्ध हथियारबंद लोगों की तलाश में छापेमारी और जांच जारी रही. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जंगल में देखे गये लोगों की पहचान क्या है, वे किस उद्देश्य से वहां जुटे थे और उनके पास हथियार कहां से आये.

‘सत्यापन के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी’

भवनाथपुर थाना प्रभारी रंजनी रंजन ने बताया कि हथियारबंद लोगों के देखे जाने की सूचना मिली है और पुलिस इसका सत्यापन कर रही है. शनिवार देर रात जंगल में पुलिस ने भ्रमण किया था और रविवार को भी कार्रवाई जारी रही. उन्होंने कहा कि हम अभी इसकी जांच कर रहे हैं. यह पता चलने के बाद ही हम बता पाएंगे कि यह नक्सली गतिविधि है या कोई और आपराधिक मामला.

ये भी पढ़ें: भवनाथपुर के स्कूल में बच्चों से झाड़ी साफ कराने का आरोप, वीडियो वायरल

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola