East Singhbhum News : ट्रेलर से टकराकर डिवाइडर फांद दूसरी लेन में घुसी ट्रैवलर, बाल-बाल बचे 28 यात्री

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 11 Feb 2026 12:22 AM

विज्ञापन

धालभूमगढ़. प्रयागराज से बालेश्वर जा रहे थे यात्री, मची अफरा-तफरी

विज्ञापन

धालभूमगढ़. एनएच पर चोइरा बस स्टैंड के पास मंगलवार की सुबह बड़ा सड़क हादसा टल गया. प्रयागराज से ओडिशा जा रही ट्रैवलर वैन अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर उछलकर डिवाइडर पार करते हुए हाइवे की दूसरी लेन पर जा पहुंची. गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी 28 यात्री सुरक्षित हैं. किसी को गंभीर चोट नहीं आयी.

बैक हो रहे ट्रेलर से हुई टक्कर :

ट्रैवलर के ड्राइवर महेश्वर पांडा ने बताया कि यात्रियों को लेकर प्रयागराज से ओडिशा के बालेश्वर जा रहे थे. मंगलवार तड़के चोइरा बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी अचानक सड़क किनारे ढाबे से एक ट्रेलर बैक होने लगा. अंधेरा और अचानक ट्रेलर के सामने आने के कारण ट्रैवलर उससे टकरा गयी. हादसे में ट्रैवलर के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.

मौके से फरार हुआ ट्रेलर चालक :

दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस पहुंची. यात्रियों का हालचाल लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया और यातायात सामान्य कराया.

पुलिस कर रही है जांच:

पुलिस ने यात्रियों और ड्राइवर के बयान दर्ज कर लिए हैं. पुलिस ढाबे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि फरार वाहन का पता लगाया जा सके.

एनएच किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलटा वैन, ग्रामीणों ने बचायी चालक की जान

धालभूमगढ़. मोहलीशोल के चोइरा बस स्टैंड के पास मंगलवार की दोपहर एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर नेशनल हाइवे किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गयी. दुर्घटना में पिकअप वैन का चालक बाल-बाल बच गया. लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल रेस्क्यू किया और चालक को बाहर निकाला.

वाहन का केबिन क्षतिग्रस्त हुआ

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन (जेएच 01 सीसी 7536) असंतुलित होने के बाद पूरी तरह पलट गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गयी.

सामने के वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा:

पिकअप वैन के चालक अजीत कुमार ने बताया कि वह बहरागोड़ा से माल खाली कर जमशेदपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान उसके आगे चल रहे एक चार पहिया वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दी. उसे बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित हो गयी और सीधे सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी. चालक के अनुसार, हादसे के बाद आगे चल रहे वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो गये.

क्रेन की मदद से निकाला गया वाहन

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की जानकारी ली. पुलिस ने क्रेन मंगवाकर गड्ढे में पलटी पिकअप वैन को बाहर निकलवाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. फरार वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola