दो दिन, दो मौतें: गोपीकांदर में जोरिया और तालाब में डूबने से युवक-महिला की मौत
गोपीकांदर थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर डूबने से दो लोगों की मौत हो गई. चिरापत्थर और मुहालो गांवों में शोक का माहौल है, जहां मिर्गी से पीड़ित एक युवक और एक महिला जोरिया और तालाब में डूब गए.
गोपीकांदर : गोपीकांदर थाना क्षेत्र की टांयजोर पंचायत में लगातार दो दिनों में पानी में डूबने से एक युवक और एक महिला की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान चिरापत्थर गांव निवासी 46 वर्षीय परिवील बेसरा और मुहालो गांव निवासी 45 वर्षीय दुलड़ सोरेन के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, दोनों मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थे.
नहाने के दौरान जोरिया में डूबा परिवील
बुधवार सुबह परिवील बेसरा नहाने के लिए गांव के पास स्थित जोरिया गया था. करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने उसे पानी में डूबा देखा. ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. परिजनों ने गुरुवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया.
तालाब में तैरता मिला दुलड़ सोरेन का शव
इधर, गुरुवार सुबह मुहालो गांव में गोपीकांदर-खरौनी मुख्य मार्ग के किनारे स्थित तालाब में दुलड़ सोरेन का शव तैरता मिला. ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी. मृतका के पति कुबराज हांसदा ने बताया कि उनकी पत्नी मिर्गी से पीड़ित थी. गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह नहाने के लिए तालाब गयी थी. सूचना मिलने पर परिजन तालाब पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
दो दिनों में दो मौतों से गांवों में शोक
लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से चिरापत्थर और मुहालो गांव में शोक का माहौल है. दोनों परिवारों में मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के अनुसार, दुलड़ सोरेन का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए