लेथ मशीन से पिस्टल के सांचे तक, अवैध मिनी गन फैक्ट्री से 55 तरह के औजार जब्त, एक गिरफ्तार
जानकारी देते हंसडीहा थाना प्रभारी और गिरफ्त में आरोपी अक्षय कुमार. | Prabhat Khabar Network
दुमका पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ किया है. लाइन होटल की आड़ में चल रहे इस कारखाने से आधुनिक मशीनें और हथियार बनाने के 55 तरह के उपकरण जब्त किए गए हैं. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
दुमका : दुमका पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को हंसडीहा थाना क्षेत्र के रामगढ़ मोड़, मौजा-सिलठा स्थित पीताम्बर लाइन होटल के समीप एक पक्के मकान में चल रहे अवैध हथियार कारखाने का भंडाफोड़ किया. पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री के दो कमरों से अत्याधुनिक लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, ड्रिल मशीन सहित हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कुल 55 प्रकार के उपकरण और लोहे के ब्लॉक जब्त किए हैं. पुलिस ने इस मामले में नामजद अभियुक्त अक्षय कुमार (25), पिता दीपक मरिक को उसके घर से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वहीं, गिरोह में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
लाइन होटल की आड़ में सुनसान मकान में चल रहा था कारखाना
वरीय पुलिस पदाधिकारियों को सूचना मिली थी कि हंसडीहा के सिलठा मौजा में लाइन होटल की आड़ में स्थित सुनसान पक्के मकान के भीतर अवैध आग्नेयास्त्र निर्माण का काम चल रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए हंसडीहा प्रभाग की पुलिस निरीक्षक प्रियंका आनंद के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम में हंसडीहा थाना प्रभारी पुअनि अजीत कुमार यादव, जामा थाना प्रभारी पुअनि अजीत कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी पुअनि मनीष कुमार, पुअनि दिलीप हांसदा और तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मकान के दोनों कमरों की तलाशी ली, जहां आधुनिक लेथ और मिलिंग मशीनों के साथ हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाला ढांचा मिला.
लेथ-मिलिंग मशीन समेत 55 प्रकार के उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान 5 फीट लंबी हरी लेथ मशीन, 5 फीट ऊंची मिलिंग मशीन, विशाल कंपनी की 4 फीट ऊंची ड्रिल मशीन, कट-ऑफ सॉ मशीन, ग्राइंडर और वेल्डिंग मशीन बरामद की गयी. इसके अलावा पिस्तौल स्लाइड के आकार के छह लोहे के ब्लॉक, ग्रिप के आकार के नौ ब्लॉक, मैगजीन के आकार के तीन ब्लॉक और बैरलनुमा संरचनाएं भी मिलीं. पुलिस ने दर्जनों घनाभाकार लोहे के ब्लॉक, 41 पतले ड्रिल बीट, विभिन्न साइज के रिंच सेट, वर्नियर कैलीपर और कटिंग के बाद बोरे में रखा दो बोरी लोहे का स्क्रैप भी जब्त किया.
सीडीआर खंगाल रही तकनीकी शाखा, लिंकेज की जांच
पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त अक्षय कुमार के मोबाइल का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और डेटा खंगाल रही है. जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी भारी-भरकम लेथ और मिलिंग मशीनें कहां से खरीदकर लाई गयीं और लोहे के ब्लॉक व कच्चा माल कौन मुहैया करा रहा था. पुलिस इस बिंदु पर भी तहकीकात कर रही है कि यहां तैयार होने वाली पिस्तौल की आपूर्ति संताल परगना, बिहार या बंगाल के किन आपराधिक गिरोहों तक की जा रही थी.
बाहरी कारीगरों के नेटवर्क पर भी पुलिस की नजर
अवैध मिनी गन फैक्ट्री में जिस फिनिशिंग और तकनीक के साथ लोहे के ब्लॉक को तराशने की व्यवस्था थी, उससे पुलिस को अंदेशा है कि मुंगेर या अन्य अंतरराज्यीय गिरोहों के कुशल कारीगरों को बुलाकर यहां काम कराया जा रहा था. पुलिस की विशेष टीम फरार आरोपियों और कारीगरों की शिनाख्त के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. वरीय अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे सिंडिकेट के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए