दुमका न्यूज़ - युवक की मौत से भड़का आक्रोश, शव सड़क पर रख ग्रामीणों ने दुमका-भागलपुर मार्ग किया जाम
शव को बीच सड़क पर रखकर जाम करते लोग और जाम में फंसे वाहन. | Prabhat Khabar Network
इलाज के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत के बाद परिजनों व ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. उन्होंने मुआवजे और थाना प्रभारी को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर आवागमन ठप कर दिया.
मुआवजे और थाना प्रभारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े ग्रामीण
नोनीहाट/दुमका : दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क पर रखकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया. सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. भीषण जाम के कारण बसों में बैठे यात्रियों, आवश्यक सेवाओं और आम राहगीरों को घंटों भारी फजीहत झेलनी पड़ी.
आपके शहर में

सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
प्रदर्शनकारी रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भतुड़िया-ए गांव निवासी आनंद चालक की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से आक्रोशित थे. शुक्रवार को नोनीहाट बाजार से लौटते समय तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई. पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का सब्र टूट गया और उन्होंने मुख्य पथ को अवरुद्ध कर दिया.
थाना प्रभारी को मौके पर बुलाने की मांग
जाम स्थल पर स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब पीड़ित परिवार उचित मुआवजे और रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गया. परिजनों का कहना था कि वे थाना प्रभारी के आने और ठोस वार्ता के बाद ही शव को सड़क से हटाएंगे.
समझाने के बाद भी सड़क पर डटे रहे ग्रामीण
सूचना मिलते ही पुलिस अवर निरीक्षक बृज कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में आए दिन अनियंत्रित वाहनों के कारण हादसे हो रहे हैं, जिस पर स्थायी रोकथाम और पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता मिलनी चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए