SKMU पर विभाग की नजर, कमियों और शिकायतों की जांच के लिए आज ऑनलाइन बैठक
सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय. | Prabhat Khabar Network
सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं में कमियों और शिकायतों की जांच के लिए आज अहम ऑनलाइन बैठक. छात्रों की शिकायतें होंगी केंद्र में.
संवाददाता, दुमका: सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU), दुमका की प्रशासनिक व्यवस्था, शैक्षणिक संरचना और परीक्षा से जुड़े मामलों में सामने आयी कमियों और शिकायतों की जांच के लिए गठित विभागीय समिति की मंगलवार को महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक होगी. उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव जॉर्ज कुमार ने 11 सितंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है.
15 जुलाई के विश्वविद्यालय भ्रमण के बाद बनी समिति
पत्र के अनुसार उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव ने 15 जुलाई 2026 को सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय का भ्रमण किया था. इस दौरान विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और विभिन्न परीक्षाओं से संबंधित कमियों की समीक्षा की गयी थी.
भ्रमण के दौरान विश्वविद्यालय के छात्रों की ओर से उठाये गये विभिन्न मामलों को भी सामने रखा गया. इन मामलों और विश्वविद्यालय से संबंधित शिकायतों की जांच के लिए विभागीय समिति का गठन किया गया है.
15 सितंबर को दोपहर 12 बजे होगी ऑनलाइन बैठक
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के कार्यालय आदेश संख्या 56, दिनांक 27 अगस्त 2026 के माध्यम से गठित समिति की बैठक 15 सितंबर को दोपहर 12 बजे ऑनलाइन निर्धारित की गयी है.
बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव और संबंधित पदाधिकारियों के साथ सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्य और प्राचार्या को अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया है.
सभी प्राचार्यों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश
विभाग ने बैठक में संबंधित सभी प्राचार्यों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा है. माना जा रहा है कि बैठक में विश्वविद्यालय की प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था के साथ परीक्षा संचालन से जुड़े मामलों पर भी चर्चा होगी.
बैठक के लिए जारी पत्र की प्रतिलिपि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर सचिव, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुमका समेत संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गयी है.
छात्रों की शिकायतों और कमियों पर रहेगी नजर
विश्वविद्यालय के भ्रमण के दौरान सामने आये मामलों और छात्रों की ओर से उठायी गयी शिकायतों को देखते हुए विभागीय समिति की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है. समिति विश्वविद्यालय की व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई के संबंध में निर्णय ले सकती है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए