हर-हर महादेव से गूंजा बासुकिनाथ, 24वें दिन बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में उमड़ा भक्तों का महासैलाब

Updated:
विज्ञापन

बासुकिनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़, कतारबद्ध श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

सावन दशमी पर बासुकिनाथ धाम में भक्तों की भारी भीड़. बाबा फौजदारीनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए लगी लंबी कतारें. सुरक्षा के कड़े इंतजाम.

विज्ञापन

बासुकिनाथ. श्रावणी मेला के 24वें दिन शनिवार को बासुकिनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. सावन माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर बाबा फौजदारीनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए रात से ही मंदिर के बाहर कांवरियों की कतार लगनी शुरू हो गयी थी. अहले सुबह मंदिर का पट खुलते ही पूरा परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा.

आपके शहर में

विज्ञापन

षोडशोपचार पूजा के बाद शुरू हुआ जलार्पण

षोडशोपचार विधि से सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का पट खोल दिया गया. इसके बाद कांवरियों ने कतारबद्ध होकर बाबा फौजदारीनाथ के अरघा में गंगाजल अर्पित किया. श्रद्धालुओं की भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कतार क्यू कॉम्प्लेक्स के पहले तल तक पहुंच गयी थी. शिवगंगा पीड़ तक श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही थी.

पूरे मेला क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालु हाथों में पवित्र गंगाजल लेकर कतारबद्ध होकर बाबा पर जलार्पण का इंतजार करते रहे. वहीं, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और सुरक्षा बल के जवान श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण कराने में जुटे रहे. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जाती रही.

शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालु रूटलाइन में कतारबद्ध होकर मंदिर की ओर बढ़ते रहे. मेला क्षेत्र में सुबह से ही कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही.

बासुकिनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़, कतारबद्ध श्रद्धालु, मंदिर में आरती करते काँवर मंडली के सदस्य | Prabhat Khabar Network
बासुकिनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

शिवगंगा में मोटर बोट के साथ एनडीआरएफ तैनात

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ की टीम सुबह से ही मोटर बोट के साथ शिवगंगा में तैनात रही. टीम के जवान लगातार निगरानी करते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहे. शिवगंगा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गयी.

बासुकिनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़, कतारबद्ध श्रद्धालु, मंदिर में आरती करते काँवर मंडली के सदस्य | Prabhat Khabar Network
बासुकिनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

स्वास्थ्य विभाग और सूचना सहायता कर्मी रहे मुस्तैद

मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सुबह से ही अपने निर्धारित कर्तव्य स्थल पर तैनात रही. स्वास्थ्यकर्मी पूरी तत्परता के साथ श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में जुटे रहे.

वहीं, प्रतिनियुक्त सूचना सहायता कर्मियों ने भी श्रद्धालुओं की मदद में सक्रिय भूमिका निभायी. सूचना सहायता कर्मियों ने बिछड़े श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाने का काम किया. ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से लगातार बिछड़े श्रद्धालुओं की सूचना प्रसारित की जाती रही.

इसके अलावा जिन श्रद्धालुओं की तबीयत खराब हुई, उन्हें सूचना सहायता कर्मियों की मदद से स्वास्थ्य शिविर तक पहुंचाया गया.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola