पूजा करने बासुकिनाथ आया था संतोष, घर नहीं लौटा; हत्या के आरोप में 10 नामजद
बासुकिनाथ में पूजा करने गए बिहार के संतोष कुमार की घर वापसी न होने पर हत्या का मामला सामने आया है. पत्नी ने गांव के 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. पुलिस हत्या के कारणों और पुरानी घटना से संबंध की जांच कर रही है.
प्रतिनिधि, बासुकिनाथ : श्रावणी मास में बासुकिनाथ पूजा करने पहुंचे बिहार के अरवल जिले के फखरपुर नोनिया बिगड़ा गांव निवासी संतोष कुमार की हत्या का मामला सामने आया है. मृतक की पत्नी रिंकु कुमारी की लिखित शिकायत पर 13 सितंबर को जरमुंडी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी में गांव के ही रजनीश कुमार, भीम कुमार, अर्जुन कुमार, सुनील कुमार, प्रमोद कुमार, धनंजय कुमार, पिंटु कुमार, मनीष कुमार, प्रहलाद यादव और सत्येंद्र कुमार को आरोपी बनाया गया है.
पूजा के बाद घर नहीं लौटा संतोष
रिंकु कुमारी ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि 18 अगस्त 2026 को गांव के कई लोग पिकअप वैन रिजर्व कर संतोष कुमार के साथ बासुकिनाथ पूजा करने पहुंचे थे. पूजा के बाद सभी लोग वापस गांव लौट गये, लेकिन संतोष घर नहीं पहुंचा. उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.
जमुआ के पास हत्या का आरोप
पत्नी के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि संतोष की मौत हो गयी है. इसके बाद वह अपने भतीजे के साथ बासुकिनाथ पहुंची और खोजबीन शुरू की. इस दौरान जानकारी मिली कि जरमुंडी थाना क्षेत्र के जमुआ गांव के समीप संतोष के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गयी और शव को वहीं फेंक दिया गया.
पुलिस ने संतोष को बरामद कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जरमुंडी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
छह साल पुरानी घटना का भी जिक्र
रिंकु कुमारी ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि अरविंद कुमार और रितेश कुमार ने कहा कि छह वर्ष पूर्व संतोष के साथ जो घटना हुई थी, उसकी पुनरावृत्ति कर दी गयी है और अब मन को शांति मिली है. इस बयान को भी पुलिस जांच का महत्वपूर्ण बिंदु मान रही है.
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
जरमुंडी पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 126(2), 115(2), 117(2), 109, 103(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा हत्या के कारण, आरोपियों की भूमिका और छह वर्ष पूर्व हुई कथित घटना से इसके संबंध की भी पड़ताल की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए