आधार में उम्र बदलकर ली वृद्धावस्था पेंशन, जांच में खुली पोल तो जमा करने पड़े 58 हजार.
रिकवरी की राशि जमा करते हुए | Prabhat Khabar Network
सरकारी योजनाओं का गलत तरीके से लाभ उठाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. आधार में जन्मतिथि बदलकर वृद्धावस्था पेंशन और पति के शिक्षक होने के बावजूद मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने के दो मामलों में ₹58,080 की राशि वसूली गई है. विभाग आगे भी ऐसे मामलों पर नकेल कसेगा.
प्रतिनिधि, रानीश्वर : प्रखंड क्षेत्र में गलत तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है. बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा द्वारा विभिन्न पंचायतों में सर्वजन पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों की जांच के दौरान अनियमितता के मामले सामने आये थे. जांच के बाद दो मामलों में अब तक कुल 58,080 रुपये की राशि की रिकवरी की गयी है.
आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलकर लिया पेंशन का लाभ
पाटजोड़ पंचायत निवासी रक्षाकर घोष द्वारा आधार कार्ड में जन्मतिथि में बदलाव कर सर्वजन पेंशन योजना के तहत मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन का लाभ लेने का मामला सामने आया था. इस मामले में प्रखंड कार्यालय की ओर से नोटिस जारी कर ब्याज सहित 38,080 रुपये जमा करने का निर्देश दिया गया था. निर्देश के बाद रक्षाकर घोष ने 10 सितंबर को डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से पूरी राशि प्रखंड कार्यालय में जमा कर दी.
पति के पारा शिक्षक होने के बाद मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने का मामला
वहीं, बृंदावनी पंचायत की पोषणसखी जुई कुमारी साहा द्वारा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ लिये जाने का मामला भी जांच में सामने आया. उनके पति के पारा शिक्षक होने की जानकारी के बाद प्रखंड कार्यालय ने 45,000 रुपये जमा करने का निर्देश दिया था. जुई कुमारी साहा ने फिलहाल 20,000 रुपये डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जमा किये हैं. शेष राशि जमा करने के लिए उन्हें दोबारा नोटिस जारी किया गया है.
रीमा चंद्रा ने अब तक जमा नहीं की राशि
इसके अलावा मंईयां सम्मान योजना का गलत तरीके से लाभ लेने के मामले में रीमा चंद्रा द्वारा अब तक राशि जमा नहीं की गयी है. उन्हें भी प्रखंड कार्यालय की ओर से पुनः नोटिस जारी किया जा रहा है.
58,080 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट भेजा जायेगा दुमका
बीडीओ कार्यालय के अनुसार रक्षाकर घोष एवं जुई कुमारी साहा द्वारा जमा किये गये कुल 58,080 रुपये के डिमांड ड्राफ्ट को सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, दुमका को भेजा जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए