नरगंजों में पिकअप और ऑटो की जोरदार टक्कर, दो की मौत, नौ घायल : तीन की हालत गंभीर
तालझारी, नरगंजों एन एच 114ए पर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन एवं लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
बासकिनाथ-देवघर NH 114A पर नरगंजों के पास पिकअप और अनियंत्रित ऑटो की टक्कर में दो श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन को दुमका रेफर किया गया है.
प्रतिनिधि, बासुकिनाथ : तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुकिनाथ-देवघर एनएच 114ए मुख्य सड़क मार्ग पर नरगंजों के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार पिकअप और अनियंत्रित ऑटो की जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में ऑटो सवार दो श्रद्धालुओं की मौत हो गयी, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.
दो श्रद्धालुओं की मौत
मृतकों में सरैयाहाट थाना क्षेत्र के धौनी गांव निवासी 52 वर्षीय रामाशंकर पंडा शामिल हैं. उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. वहीं भागलपुर जिले के घोघा कोदवारी गांव निवासी 60 वर्षीय नाटा महलदार को गंभीर हालत में देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
तीन घायल दुमका रेफर
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद पंकज कुमार (25), प्रमिला देवी (40) और कुसुम देवी (65) को बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका रेफर किया गया. तीनों के सिर, जबड़े और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आयी हैं. पंकज कुमार की स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है.
देवघर सदर अस्पताल में छह का इलाज
वहीं छह घायलों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में चल रहा है. इनमें अजय कुमार, नीतीश कुमार, प्रमिला देवी, गीता देवी और पिंकी देवी समेत अन्य घायल शामिल हैं. पिंकी देवी भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र के लुदानपुर दुधैला गांव की रहनेवाली हैं. मृतक और घायल भागलपुर जिले के घोघा कोदवारी गांव के निवासी बताए गए हैं.
पिकअप और ऑटो जब्त
तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है. घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी. दुर्घटना में क्षतिग्रस्त पिकअप वैन एवं ऑटो को पुलिस ने जब्त कर थाना ले गयी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए