नवोदय में छात्र परिषद का चुनाव, 559 में 501 विद्यार्थियों ने किया मतदान
नवोदय विद्यालय में छात्र परिषद चुनाव | Prabhat Khabar Network
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय हंसडीहा में छात्र परिषद चुनाव 2026-27 का आयोजन लोकतंत्र के माहौल में हुआ. 'मेरा वोट, मेरा नेता' के नारे के साथ 559 में से 501 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतगणना 5 सितंबर को होगी.
हंसडीहा : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय हंसडीहा में शुक्रवार को विद्यालय छात्र परिषद चुनाव 2026-27 का आयोजन उत्साह, उमंग और लोकतांत्रिक माहौल के बीच किया गया. ‘मेरा वोट, मेरा नेता’ की भावना के साथ विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए विभिन्न पदों के लिए प्रतिनिधियों का चयन करने में सक्रिय भागीदारी निभाई.
आपके शहर में

559 में 501 विद्यार्थियों ने किया मतदान
विद्यालय के एमपी हॉल में चुनाव के लिए चार मतदान केंद्र बनाए गए थे. कुल 559 विद्यार्थी मतदाता के रूप में पंजीकृत थे, जिनमें से 501 विद्यार्थियों ने मतदान किया. मतदान दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक हुआ. इस दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया.

विभिन्न पदों के लिए हुआ चुनाव
विद्यालय चुनाव के तहत विद्यालय कप्तान, उप-कप्तान, स्पोर्ट्स कप्तान, मेस कप्तान एवं सीसीए कप्तान सहित विभिन्न पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की गई. विद्यालय कप्तान पद के लिए कक्षा 12 के निखिल कुमार, शहनवाज अंसारी एवं मेघा सुनीता, जबकि उप-कप्तान पद के लिए कक्षा 12 के आयुष राज एवं रोशनी कुमारी उम्मीदवार रहीं. स्पोर्ट्स कप्तान पद के लिए कक्षा 12 की मौसमी रानी एवं भवानी कुमारी तथा मेस कप्तान पद के लिए कक्षा 11 के अमन कुमार एवं संतोष कुमार उम्मीदवार रहे.
शिक्षकों ने संभाली चुनाव की जिम्मेदारी
चुनाव को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में पर्यवेक्षक आरके दास तथा मुख्य विद्यालय निर्वाचन पदाधिकारी आरके सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मतदान केंद्रों पर बीडी प्रसाद, विजय कुमार, एसएम झा एवं जीमती एम. प्रधान ने पीठासीन पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई. विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग किया.
लोकतंत्र की समझ विकसित करना उद्देश्य
विद्यालय के प्राचार्य कमल नयन पांडेय ने कहा कि विद्यालय चुनाव विद्यार्थियों के लिए केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को समझने और उसे व्यवहार में अनुभव करने का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में मतदान, नेतृत्व, जिम्मेदारी, अनुशासन, निर्णय क्षमता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना है.
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल देश के जिम्मेदार नागरिक और भावी नेतृत्वकर्ता बनेंगे. विद्यालय स्तर से ही उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित होने से वे भविष्य में देश के लोकतांत्रिक एवं समावेशी विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे.
शनिवार को होगी मतगणना
मतगणना शनिवार, 5 सितंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी तथा विशेष समारोह में चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे. परिणाम की घोषणा के बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके दायित्व एवं विद्यालय के प्रति जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाएगा. प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सफल चुनाव के लिए बधाई देते हुए कहा, “सही नेता चुनें, विद्यालय को नई दिशा दें.”
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए