एक ही सड़क पर दो योजनाओं का काम, पीएम जनमन के बीच जिला परिषद का पीसीसी सड़क निर्माण

Updated:
विज्ञापन

एक ही सड़क पर दो योजनाओं का काम.Prabhat Khabar Network

चापुड़िया और वनपाड़ा के बीच एक ही सड़क पर दो अलग-अलग सरकारी योजनाओं से निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में सवाल उठ रहे हैं. सांसद नलिन सोरेन द्वारा पीएम जनमन योजना के तहत शिलान्यास की गई सड़क के बीच में जिला परिषद द्वारा पीसीसी सड़क बनाई जा रही है. ग्रामीणों ने सड़क को आगे बढ़ाने की मांग की है.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, रानीश्वर. चापुड़िया और वनपाड़ा के बीच सड़क निर्माण को लेकर अजीबोगरीब स्थिति सामने आई है. जिस सड़क का शिलान्यास पिछले माह 25 अगस्त को स्थानीय सांसद नलिन सोरेन ने पीएम जनमन योजना के तहत किया था, उसी स्वीकृत सड़क के बीच करीब 100 मीटर हिस्से में जिला परिषद की ओर से पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. एक ही सड़क पर दो अलग-अलग मदों से निर्माण कार्य को लेकर अब चर्चा तेज हो गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पीएम जनमन से 2.55 किमी सड़क की मिली है स्वीकृति

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से पीएम जनमन योजना के तहत चापुड़िया आदिवासी टोला नहर पुलिया से चापुड़िया पहाड़िया टोला होते हुए वनपाड़ा पहाड़िया टोला तक 2.55 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क की स्वीकृति दी गई है. इसका शिलान्यास सांसद नलिन सोरेन ने जीरो प्वाइंट पर किया था.

इसी स्वीकृत मार्ग में आदिवासी टोला और पहाड़िया टोला के बीच करीब 100 मीटर हिस्सा कच्चा रह गया था. अब इस हिस्से में जिला परिषद की ओर से पीसीसी ढलाई का कार्य शुरू कर दिया गया है.

पहले ही पूरी हो चुकी थी जिला परिषद की निविदा प्रक्रिया

एक ही सड़क पर दो अलग-अलग मदों से निर्माण कार्य को लेकर जब जिला परिषद के संवेदक पक्ष से जानकारी ली गई, तो बताया गया कि ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से पीएम जनमन योजना का टेंडर आमंत्रित करने और सांसद द्वारा सड़क का शिलान्यास किए जाने से पहले ही जिला परिषद ने उक्त 100 मीटर कच्चे हिस्से के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली थी.

रेशमा तक सड़क बढ़ाने की ग्रामीणों ने की मांग

इधर, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि चापुड़िया नहर से पहाड़िया टोला स्कूल के आगे तक पहले से ही पीसीसी सड़क बनी हुई थी. केवल करीब 100 मीटर हिस्सा कच्चा था, जिसे अब जिला परिषद की ओर से बनाया जा रहा है.

ग्रामीणों ने मांग की है कि पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत सड़क को पहाड़िया टोला स्कूल के आगे से वनपाड़ा होते हुए रेशमा गांव तक बढ़ाया जाए, ताकि अधिक से अधिक गांवों को सीधी सड़क सुविधा मिल सके.

सड़क बढ़ी तो दर्जनों गांवों को मिलेगा लाभ

स्थानीय निवासी प्रदीप मंडल ने बताया कि यदि सड़क को रेशमा और मोहनपुर तक जोड़ दिया जाए, तो रेशमा, मोहनपुर, लैया समेत आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. इससे ग्रामीणों को आसनबनी बाजार पहुंचने में लगने वाली दूरी काफी कम हो जाएगी और आवागमन भी सुगम होगा.

ग्रामीणों का कहना है कि पीएम जनमन योजना के तहत सड़क निर्माण का दायरा थोड़ा और बढ़ाकर इसे रेशमा तक जोड़ दिया जाए, तो यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बन सकती है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola