सेल्फी ब्रिज से विवाहिता ने लगाई छलांग, रस्सी और नाव लेकर दौड़े ग्रामीण
नाव से महिला को सुरक्षित बाहर निकालते ग्रामीण. | Prabhat Khabar Network
मकरमपुर सेल्फी ब्रिज से विवाहिता ने नदी में लगाई छलांग. देखें कैसे स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने सूझबूझ से बचाई महिला की जान.
प्रतिनिधि, मसलिया. मसलिया थाना क्षेत्र के मकरमपुर स्थित सेल्फी ब्रिज से सोमवार को एक विवाहिता महिला ने अचानक नीचे छलांग लगा दी. महिला को नदी में गिरता देख मौके पर मौजूद दुकानदार और ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया. ग्रामीणों की तत्परता से महिला की जान बच गयी.
छलांग लगाते ही मच गया हड़कंप
जानकारी के अनुसार जामा थाना क्षेत्र के चिकनिया गांव निवासी रागिनी भंडारी टोटो से मकरमपुर स्थित सेल्फी ब्रिज पहुंची थी. उनके पति का नाम महेश कुमार बताया गया है. महिला के साथ कोई अन्य व्यक्ति आया था या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आयी है.
ब्रिज पर पहुंचने के बाद महिला ने अचानक नीचे छलांग लगा दी. महिला को नदी में गिरता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया. इसके बाद स्थानीय दुकानदार और ग्रामीण तुरंत बचाव में जुट गये.
रस्सी लेकर दौड़े दुकानदार, नाव से निकाला बाहर
महिला को नदी में गिरते देख एक स्थानीय दुकानदार ने तत्काल रस्सी फेंककर उसे सहारा देने का प्रयास किया. इसी बीच मकरमपुर के ग्रामीण नाव लेकर घटनास्थल पर पहुंच गये.
ग्रामीणों ने नाव की मदद से महिला को नदी से बाहर निकाला और सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया. समय रहते हुए ग्रामीणों की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया.
बैग में मिली महिला चिकित्सक की पर्ची
घटना के बाद महिला के पास मौजूद बैग की जांच की गयी. बैग से महिला चिकित्सक की पर्ची मिलने की जानकारी सामने आयी है. घटना के बाद महिला की स्थिति ऐसी थी कि वह ठीक से कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं थी.
घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है.
ग्रामीणों की तत्परता से बची जान
घटना के बाद कुछ देर तक सेल्फी ब्रिज के पास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों की तत्परता और समय पर किए गये बचाव प्रयास से महिला की जान बच गयी. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए