कुकड़ीभाषा में बालू का खेल! रात में नदी से उठाव, नहर किनारे डंपिंग के आरोप

Updated:
विज्ञापन

नहर के किनारे डंप कर रखा गया बालू. | Prabhat Khabar Network

रानीश्वर शाखा नहर के पास अवैध बालू डंपिंग का मामला . रात में नदी से बालू उठाव और सरकारी निर्माण में इस्तेमाल के आरोप. जांच की मांग तेज.

विज्ञापन

रानीश्वर. रानीश्वर शाखा नहर के कुकड़ीभाषा गांव के समीप नहर के किनारे अवैध रूप से बालू डंप कर रखे जाने का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार मयुराक्षी नदी के पाथरा बालू घाट से ट्रैक्टर के माध्यम से बालू उठाकर नहर किनारे लाकर डंप किया गया है. आशंका जताई जा रही है कि डंप किए गए बालू को बाद में ट्रैक्टर पर लोड कर दूसरे स्थानों पर बिक्री के लिए भेजा जाएगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

नहर किनारे बेखौफ डंपिंग, विभाग की निगरानी पर सवाल

नहर के किनारे बड़ी मात्रा में बालू का डंप किया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि नदी घाट से बालू उठाव कर पहले यहां जमा किया जाता है और जरूरत के मुताबिक इसे अन्य स्थानों पर भेजा जाता है. इससे न केवल अवैध बालू कारोबार की आशंका बढ़ती है, बल्कि सरकारी जमीन और नहर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

रात के अंधेरे में नदियों से बालू उठाव का आरोप

वहीं रानीश्वर प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न शाखा नहरों के पक्कीकरण कार्य में भी कथित रूप से अवैध बालू का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रही है. आरोप है कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टर के जरिए नदियों से बालू उठाकर निर्माण कार्य में खपाया जा रहा है. यदि यह सच है तो सरकारी निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही सामग्री के स्रोत और उसकी वैधता की जांच जरूरी है.

संबंधित विभाग की चुप्पी से बढ़ रहा अवैध कारोबार

नहर किनारे बालू डंप किए जाने और रात में नदी से बालू उठाव के आरोपों के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात कही जा रही है. इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो अवैध बालू उठाव का यह सिलसिला और बढ़ सकता है.

जांच हुई तो सामने आ सकता है पूरा मामला

कुकड़ीभाषा के समीप नहर किनारे डंप किए गए बालू की जांच, उसके स्रोत, परिवहन और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल से पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकती है. साथ ही शाखा नहरों के पक्कीकरण कार्य में इस्तेमाल किए जा रहे बालू के स्रोत की भी जांच किए जाने की जरूरत है. अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में कब तक संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola