गाइड्स को मिल रहा आत्मविश्वास का प्रशिक्षण, जीवनोपयोगी हुनर सीख रहीं छात्राएं
प्रथम सोपान शिविर में स्काउटिंग के साथ जीवनोपयोगी गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त करती गाइड्स | Prabhat Khabar Network
दुमका में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा अनुसूचित जनजाति बालिका आवासीय विद्यालय में प्रथम सोपान शिविर आयोजित किया गया है. इस शिविर में बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने और विभिन्न जीवनोपयोगी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
दुमका : जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीत कुमार के निर्देशानुसार भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, दुमका की ओर से अनुसूचित जनजाति बालिका आवासीय विद्यालय, कड़हलबील में गाइड्स के लिए प्रथम सोपान शिविर का आयोजन किया जा रहा है. शिविर में छात्राओं को कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने के साथ-साथ विभिन्न जीवनोपयोगी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

मंत्री को दी श्रद्धांजलि
शिविर शुरू होने से पहले उच्च शिक्षा एवं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने के लिए शोकसभा आयोजित की गयी. स्काउट मास्टर सह जिला सचिव विजय कुमार दूबे ने बताया कि शिविर के दौरान गाइड्स को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न कलाओं की जानकारी दी जा रही है. उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का प्रशिक्षण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
नियम और गांठ बांधने का अभ्यास
शिविर के दूसरे दिन गाइड्स को स्काउट-गाइड के इतिहास, नियम, प्रतिज्ञा और कर्तव्यों की जानकारी दी गयी. इसके अलावा जीवनोपयोगी विभिन्न प्रकार की गांठ बांधने का अभ्यास कराया गया. छात्राओं ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा
विद्यालय की प्राचार्या रोजमेरी मुर्मू ने गाइड्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का प्रशिक्षण जीवन में काफी उपयोगी साबित होता है. स्काउट्स एवं गाइड्स राष्ट्रभक्त होते हैं और देश व समाज की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं.
प्राथमिक चिकित्सा का भी प्रशिक्षण
शिविर प्रधान कुमारी अलका ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान गाइड्स को प्राथमिक चिकित्सा का भी प्रशिक्षण दिया जायेगा. वहीं जिला संगठन आयुक्त अपरेश कुमार ने बताया कि प्रथम सोपान जांच शिविर में सफल होने वाली गाइड्स को द्वितीय सोपान में प्रवेश मिलेगा.
कई लोगों ने दी शुभकामनाएं
जिला कल्याण पदाधिकारी गौतम कुमार मोदी, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीत कुमार, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के वरीय उपाध्यक्ष दिवाकर महतो, मुख्य जिला आयुक्त हरिश्चन्द्र चौधरी, जैक सदस्य अजय कुमार गुप्ता, सेवानिवृत्त पूर्व प्राचार्य दिलीप कुमार झा एवं सेवानिवृत्त शिक्षक शम्भूनाथ मिश्रा ने प्रशिक्षण में शामिल सभी गाइड्स को शुभकामनाएं दीं.
इनके सहयोग से हो रहा संचालन
शिविर के संचालन में प्राचार्या रोजमेरी मुर्मू, विजय कुमार दूबे, मानुवेल सोरेन, अपरेश कुमार, कुमारी अलका, गुलशन कुमार, विनीता बेसरा, सीनियर स्काउट गुलशन विश्वकर्मा एवं हरिमोहन का विशेष सहयोग मिल रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए