जन्मदिन पर पिता को जगाने गई मासूम बेटी, कमरे में मिला पिता का शव
रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
दुमका में जन्मदिन के दिन पिता ने की आत्महत्या. बेटी ने कमरे में पिता का शव फंदे से लटकता देखा, इलाके में पसरा मातम. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
दुमका : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रसिकपुर स्थित मुनि बाबा कुटिया के समीप शनिवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. 27 वर्षीय प्रियांशु का जन्मदिन था और घर में जन्मदिन मनाने की तैयारियां होनी थीं. सुबह उनकी बेटी उन्हें बधाई देने के लिए जगाने कमरे में गई, जहां उसने पिता को फंदे से लटका देखा. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल पसर गया.
आपके शहर में

बेटी ने मां को दी घटना की जानकारी
शनिवार की सुबह बच्ची पिता को जन्मदिन की बधाई देने के लिए उनके कमरे में गई थी. कमरे का दरवाजा खोलने पर उसने पिता को फंदे से लटका देखा. इसके बाद बच्ची अपनी मां के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई.

सीसीटीवी कैमरा लगाने का करते थे काम
मृतक प्रियांशु पेशेवर रूप से सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम करते थे. वह अपनी पत्नी, बेटी और एक छोटे बेटे के साथ रसिकपुर में किराए के मकान में रह रहे थे. स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्होंने प्रेम विवाह किया था. शुक्रवार की देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. हालांकि, विवाद की वजह क्या थी और प्रियांशु ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. घटना से परिवार गहरे सदमे में है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए