दुमका के युवाओं के हुनर को मिलेगा नया बाजार, डोकरा ब्रांज से EV और माइनिंग तक तैयार होंगे कुशल युवा

Updated:
विज्ञापन

अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में बैठक करते उपायुक्त अभिजीत सिन्हा | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

दुमका में युवाओं के हुनर को बाज़ार से जोड़ने और रोज़गार के अवसर बढ़ाने के लिए कौशल विकास की नई कार्ययोजना तैयार हो रही है. डोकरा, बांस, EV और माइनिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा.

विज्ञापन

दुमका : दुमका के हुनर को अब बाजार से जोड़ने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कौशल विकास की नई कार्ययोजना तैयार होगी. स्थानीय जरूरत, बाजार की मांग और रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा. शनिवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में हुई जिला कौशल विकास समिति की बैठक में इसको लेकर विभिन्न विभागों की जरूरतों और प्रशिक्षण की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई.

विज्ञापन

विभागवार जरूरत चिन्हित करने का निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से उनके क्षेत्र में कौशल विकास की जरूरतों और संभावनाओं की जानकारी ली. उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे कार्य और गतिविधियां चिन्हित करने का निर्देश दिया, जहां कुशल मानव संसाधन की जरूरत है. विभागों से प्राप्त सुझावों के आधार पर रोजगारपरक और आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण की समन्वित कार्ययोजना तैयार की जाएगी.

डोकरा और बांस उत्पाद पर विशेष फोकस

उपायुक्त ने दुमका की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया. डोकरा ब्रांज और एडवांस्ड बैम्बू प्रोडक्ट के लिए विशेष प्रशिक्षण कराने का निर्देश दिया. स्थानीय कारीगरों और युवाओं को आधुनिक डिजाइन, तकनीक, गुणवत्ता, उत्पाद विकास और पैकेजिंग के साथ बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देने की बात कही गई. इससे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने के साथ रोजगार और आय के अवसर बढ़ने की उम्मीद है.

ईवी तकनीक में तैयार होंगे युवा

बैठक में इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए ईवी क्षेत्र में प्रशिक्षण की जरूरत पर भी चर्चा हुई. उपायुक्त ने ईवी वाहनों की तकनीकी समस्याओं के समाधान, रखरखाव और मरम्मत के लिए युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया. इससे इस उभरते क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा सकेंगे.

माइनिंग क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन

माइनिंग क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भी कौशल विकास कार्यक्रम तैयार करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं और तकनीकी जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सके.

आदिवासी युवाओं के हुनर को तकनीक का साथ

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि आदिवासी युवाओं की क्षमता, रुचि और स्थानीय हुनर को ध्यान में रखकर कौशल विकास कार्यक्रम तैयार किए जाएं. पारंपरिक ज्ञान और कौशल को आधुनिक तकनीक तथा रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया. प्रशिक्षण में स्थानीय कला, हस्तशिल्प, कृषि आधारित गतिविधियों, तकनीकी कार्यों और उभरते रोजगार क्षेत्रों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया.

प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि कौशल विकास केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहना चाहिए. प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विभागवार जरूरतों और सुझावों का संकलन कर समन्वित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और जिला कौशल विकास समिति के सदस्य मौजूद थे.


अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में बैठक करते उपायुक्त अभिजीत सिन्हा | Prabhat Khabar Network
अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में बैठक करते उपायुक्त अभिजीत सिन्हा | Prabhat Khabar Network

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola