पदोन्नति के बाद शिक्षकों को मिले अतिरिक्त इंक्रीमेंट, स्कूमुस्टा ने सरकार से की मांग
सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय | Prabhat Khabar Network
सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (स्कूमुस्टा) ने राज्य के शिक्षकों को पदोन्नति के बाद वेतन निर्धारण में एक अतिरिक्त इंक्रीमेंट देने की मांग की है. संघ का कहना है कि विभागीय नियम और झारखंड गजट के तहत यह प्रावधान मौजूद है, लेकिन शिक्षकों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है.
दुमका : सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (स्कूमुस्टा) ने राज्य के विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षकों को एक ग्रेड पे से दूसरे ग्रेड पे में पदोन्नति के बाद वेतन निर्धारण में एक अतिरिक्त वेतन वृद्धि देने की मांग की है. संघ के अध्यक्ष डॉ विवेकानंद सिंह और महासचिव डॉ कलानंद ठाकुर ने इस संबंध में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के प्रधान सचिव को औपचारिक पत्र भेजकर नियम सम्मत कार्रवाई का आग्रह किया है.
नियम के तहत अतिरिक्त इंक्रीमेंट का प्रावधान
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि विभागीय पत्रांक 26, दिनांक 08.01.2011 की कंडिका iii (ख) में एक ग्रेड पे से दूसरे ग्रेड पे में पदोन्नति के बाद वेतन निर्धारण में एक अतिरिक्त इंक्रीमेंट देने का प्रावधान है. राज्यकर्मियों के पदोन्नति उपरांत वेतन निर्धारण में भी झारखंड गजट (असाधारण), 28 फरवरी 2009 की कंडिका 13 के तहत इसी नियम का अनुपालन किया जाता है.
इंक्रीमेंट नहीं मिलने पर जतायी चिंता
स्कूमुस्टा के महासचिव डॉ कलानंद ठाकुर के अनुसार वर्तमान में उच्च शिक्षा निदेशालय स्तर पर कई विश्वविद्यालयों के शिक्षकों के वेतन निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है. कुछ शिक्षकों का पदोन्नति के बाद वेतन निर्धारण हुआ है, लेकिन उन्हें उक्त अतिरिक्त वेतन वृद्धि का लाभ नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है. उन्होंने इस लाभ को संविधान के अनुच्छेद 14 और अनुच्छेद 21 के अनुरूप सभी शिक्षकों को दिये जाने की मांग की.
पे फिक्सेशन पोर्टल से भेजा गया प्रस्ताव
डॉ ठाकुर ने बताया कि सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के शिक्षकों के पदोन्नति उपरांत वेतन निर्धारण से संबंधित प्रस्ताव पे फिक्सेशन पोर्टल के माध्यम से निदेशालय को अग्रसारित किया जा चुका है. उन्होंने विभाग से वेतन निर्धारण की स्वीकृति देते समय नियमानुसार एक अतिरिक्त वेतन वृद्धि का लाभ सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि शिक्षकों में व्याप्त असंतोष दूर हो सके. पत्र की प्रतिलिपि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए