केसरिया रंग में रंगा बासुकिनाथ, बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में गूंजा ‘बोल बम’

Updated:
विज्ञापन

बासुकिनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़, कतारबद्ध श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

25वें श्रावणी मेले में बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब. कांवरियों की भीड़ और भक्तिमय माहौल.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, बासुकिनाथ.राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के 25वें दिन रविवार को बाबा फौजदारीनाथ की नगरी पूरी तरह शिवमय नजर आयी.श्रावण शुक्ल पक्ष की एकादशी पर भोर से ही बासुकिनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. करीब तीन बजे से मंदिर परिसर में कांवरियों की भीड़ जुटने लगी. पुरोहितों की पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर का कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुला और बाबा फौजदारीनाथ पर गंगाजल अर्पित करने का सिलसिला शुरू हो गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

कंधे पर कांवर, जुबां पर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष और आंखों में बाबा के दर्शन की आस लिए हजारों कांवरिये कतारबद्ध होकर मंदिर की ओर बढ़ते रहे. पूरा मेला क्षेत्र और कांवरिया रूटलाइन केसरिया रंग में रंगा नजर आया.

संस्कार मंडप से शिवगंगा तक पहुंची कांवरियों की कतार

श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ ही कांवरियों की कतार संस्कार मंडप से आगे क्यू कॉम्पलेक्स, शिवगंगा घाट होते हुए कुशवाहा धर्मशाला तक पहुंच गयी.महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गयी थी. घंटों इंतजार के बाद जैसे ही श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे, उनके चेहरे पर थकान की जगह संतोष और भक्ति का भाव नजर आया.


श्रद्धालुओं ने गर्भगृह में अरघा के माध्यम से गंगाजल अर्पित कर बाबा फौजदारीनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की.

बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा पूरा धाम

सुबह से लेकर दिनभर मंदिर परिसर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा. शिवगंगा घाट और मेला परिसर कांवरियों से पटा रहा. कई श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में नाचते-गाते और बाबा भोलेनाथ की आराधना करते नजर आये. सावन की भक्ति में डूबे कांवरियों का उत्साह देखते ही बन रहा था.

लंबी कतार से बचना है तो यहां करें जलार्पण

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से जलार्पण काउंटर की व्यवस्था भी की गयी है. यहां कांवरिये एलईडी स्क्रीन पर भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग का दर्शन कर गंगाजल अर्पित कर रहे हैं.

खास बात यह है कि काउंटर पर चढ़ाया गया गंगाजल पाइपलाइन के माध्यम से सीधे बाबा फौजदारीनाथ के शिवलिंग तक पहुंचता है.इससे श्रद्धालुओं को लंबी कतार में लगे बिना जलार्पण करने की सुविधा मिल रही है.

केसरिया रूटलाइन और जयघोष ने बनाया भक्तिमय माहौल

सावन के पावन अवसर पर बासुकिनाथ धाम में चारों ओर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. केसरिया रंग में रंगी रूटलाइन, गूंजते बोल बम के जयकारे और बाबा के दरबार में झुकते श्रद्धालुओं ने पूरे धाम को शिवभक्ति में सराबोर कर दिया.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola