फर्जी प्रमाण पत्र पर गिरी गाज, आंगनबाड़ी सेविका की गई चयनमुक्त
सेविका को चयन मुक्त करने का पत्र देते हुए | Prabhat Khabar Network
रानीश्वर के भुड़ावाली आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका पूजा दास के शैक्षणिक प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने पर उन्हें चयनमुक्त कर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
रानीश्वर : बाल विकास परियोजना रानीश्वर के अंतर्गत सालतोला पंचायत के भुड़ावाली आंगनबाड़ी केंद्र में चयनित सेविका पूजा दास के शैक्षणिक प्रमाण पत्र जांच में फर्जी पाए जाने के बाद उन्हें चयनमुक्त कर दिया गया है. साथ ही उनके विरुद्ध रानीश्वर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है. बीडीओ सह सीडीपीओ राजेश कुमार सिन्हा ने थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है.
आश्रित बहू ने किया था सेविका पद के लिए आवेदन
जानकारी के अनुसार, भुड़ावाली आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत सेविका पुतुल रानी दास की 23 जून 2024 को मृत्यु हो गयी थी. इसके बाद उनकी आश्रित बहू पूजा दास ने नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर सेविका पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन दिया था. पद रिक्त होने के बाद 8 फरवरी 2025 को पहली बार आमसभा आयोजित की गयी थी. इसमें कोई योग्य आवेदिका नहीं मिलने के कारण आमसभा रद्द कर दी गयी थी.
दूसरी आमसभा में हुआ था पूजा दास का चयन
इसके बाद तत्कालीन सीडीपीओ के निर्देश पर 11 सितंबर 2025 को दोबारा आमसभा आयोजित की गयी. इसमें स्व. पुतुल रानी दास की आश्रित बहू पूजा दास समेत कुल तीन आवेदिकाओं ने आवेदन किया. विभागीय नियमों के तहत पूजा दास को प्राथमिकता के आधार पर भुड़ावाली आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका के पद पर चयनित किया गया. जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, दुमका ने भी उनके चयन का अनुमोदन किया था.
सत्यापन के लिए भेजे गए थे शैक्षणिक प्रमाण पत्र
विभागीय नियम के अनुसार चयनित सेविका के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन सही पाए जाने के बाद ही मानदेय का भुगतान किया जाना है. इसी क्रम में सीडीपीओ राजेश कुमार सिन्हा ने पूजा दास द्वारा प्रस्तुत शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए संबंधित परीक्षा बोर्ड एवं विद्यालय को भेजा.
विद्यालय ने प्रमाण पत्र निर्गत होने से किया इनकार
सत्यापन के दौरान उच्च माध्यमिक (प्लस टू) विद्यालय, नौंवागढ़ी, मुंगेर की ओर से पत्र भेजकर बताया गया कि पूजा दास के वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2018 से संबंधित प्रवेश पत्र एवं अंक पत्र उक्त विद्यालय से निर्गत नहीं किए गए हैं. इसके बाद प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने से संबंधित प्रतिवेदन जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, दुमका को भेजा गया.
चयनमुक्त कर प्राथमिकी के लिए दिया आवेदन
उप विकास आयुक्त, दुमका के निर्देश के आलोक में पूजा दास को सेविका पद से चयनमुक्त कर दिया गया है. साथ ही उनके विरुद्ध रानीश्वर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है. फोटो कैप्शन : भुड़ावाली आंगनबाड़ी केंद्र की चयनित सेविका को चयनमुक्त करने का पत्र देते सीडीपीओ राजेश कुमार सिन्हा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए