धनबाद के सबसे बड़े अस्पताल में अव्यवस्था का आलम: इमरजेंसी में रखा फ्रीजर खराब, शव के सड़ने से जीना हुआ मुहाल
Published by : Sameer Oraon Updated At : 07 Nov 2024 2:46 PM
धनबाद के एसएनएमएमसीएच में रखा फ्रीजर लंबे समय से खराब है. इस वजह से फ्रीजर में रखा एक अज्ञात व्यक्ति का शव पूरी तरह सड़ गया है. दुर्गंध के कारण लोगों का जीना मुहाल हो चुका है.
Jharkhand News, धनबाद : धनबाद के सबसे बड़े अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भारी अव्यवस्था देखने को मिली है. दरअसल अस्पताल के इमरजेंसी में स्थित फ्रीजर खराब हो गया है. जिसकी वजह से बीते 13 दिनों से फ्रीजर में रखा एक अज्ञात व्यक्ति का शव पूरी तरह सड़ गया है. गुरुवार की सुबह सफाई कर्मी वहां पहुंचे तो फ्रीजर से तेज बदबू आने लगी. जब कर्मियों ने फ्रीजर का दरवाजा खोला तो पता चला कि फ्रीजर में रखा अज्ञात की बॉडी से दुर्गंध आ रही है. देखते ही देखते दुर्गंध पूरे इमरजेंसी में फैल गई.
26 अक्टूबर को लाया गया था अज्ञात का शव
इससे धनबाद एसएनएमएमसीएच अस्पताल (Snmmch Hospital) में इलाजरत मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. दुर्गंध के कारण कई मरीज और उनके परिजन इमरजेंसी से बाहर निकल गए. आनन फानन में शव को फ्रीजर से बाहर निकाल पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया. फिलहाल पूरे इमरजेंसी परिसर में सफाई का कार्य चल रहा है. बता दें कि 26 अक्टूबर को अज्ञात का शव मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में लाया गया था. इसके बाद से ही उक्त लावारिस का शव फ्रीजर में रखा हुआ था. इमरजेंसी में दो बॉडी रखने की क्षमता वाला फ्रीजर मौजूद है. इसमें एक का कूलिंग सिस्टम काफी दिनों से खराब पड़ा है, जिसे अभी तक ठीक नहीं कराया गया है.
कुछ दिन पहले भी ऐसी घटना हुई थी
ज्ञात हो कि दुर्गा पूजा के विजयदशमी के दिन मेडिकल कॉलेज के पीजी ब्लॉक के समीप एक अज्ञात का शव पाया गया था. बाद में उक्त अज्ञात के बॉडी को इमरजेंसी स्थित फ्रीजर में रखा गया था. पांच दिनों के बाद उक्त अज्ञात के शव से भी दुर्गंध आने लगी थी. अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना देकर बॉडी का पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद पुलिस ने उक्त बॉडी का अंतिम संस्कार करवाया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










