ePaper

Dhanbad News: एमसीसी के तहत 42 शिकायतें प्राप्त, दो मामले गंभीर : डीसी

Updated at : 22 Feb 2026 2:35 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News: एमसीसी के तहत 42 शिकायतें प्राप्त, दो मामले गंभीर : डीसी

Dhanbad News: 23 फरवरी को 1019 बूथों पर 9.4 लाख मतदाता करेंगे मतदान

विज्ञापन

Dhanbad News: संवाददाता, धनबाद. नगर निकाय चुनाव को लेकर शनिवार की शाम जहां प्रचार-प्रसार रुक गया, वहीं चुनाव में सभी 1019 बूथों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है. मतदान सोमवार को सुबह सात से पांच बजे तक होगा. नगर निगम व चिरकुंडा नगर परिषद को सुरक्षा को देखते हुए छह सुपर जोन में बांटा गया है. वहीं हर जोन में एक-एक डीएसपी के साथ 25 पुलिस पदाधिकारी राइट कंट्रोल गियर व वाटर कैनन के साथ मौजूद रहेंगे. इसके अलावा बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. यह जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कही. उपायुक्त ने बताया कि आदर्श चुनाव आचार संहिता(एमसीसी) उल्लंघन करने की 42 शिकायत दर्ज हुई, जिसमें सभी का निराकरण कर दिया है एवं दो गंभीर मामले के शिकायत के निराकरण की प्रक्रिया जारी है.

निर्भीक होकर मतदान करने की अपील :

उपायुक्त ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा. कोई भी आम नागरिक कंट्रोल रूम के नंबर 0326 – 231180 पर फोन कर अपनी समस्या बता सकते हैं. नगर निगम में 899841 व नगर परिषद में 36976 मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें. बताया कि नगर निगम के महापौर के लिए 29 व 55 वार्ड पार्षद के लिए 447, चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष के लिए 13 व 21 वार्ड पार्षद के लिए 83 सहित कुल 572 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं. मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) मुकेश कुमार बाउरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित प्रेस के प्रतिनिधि मौजूद थे.

सुरक्षा को लेकर 15 जोन में बांटा गया है जिला :

उपायुक्त ने बताया कि जिले को 15 जोन में बांटा गया है. हर जोन में एक-एक पुलिस इंस्पेक्टर के साथ 10 पुलिस पदाधिकारी मतदान आरंभ होने से लेकर चुनाव सामग्री के रिसीविंग सेंटर पहुंचने तक भ्रमणशील रहेंगे. वहीं अति संवेदनशील बूथों पर चार-चार पुलिस पदाधिकारी, सेंसेटिव बूथ पर तीन व सामान्य बूथ पर दो पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे.

चुनावी सामग्री रविवार को होगी डिस्पैच :

उपायुक्त ने कहा कि रविवार को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से चुनाव सामग्री विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए डिस्पैच की जायेगी. वहीं सोमवार को सुबह सात बजे से संध्या पांच बजे तक मतदान की प्रक्रिया चलेगी. संध्या पांच बजे तक जितने वोटर लाइन में खड़े होंगे, उन्हें टोकन दिया जायेगा और वे मतदान कर सकेंगे. वहीं उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को शुरू होने वाली मतगणना प्रक्रिया लगभग दो दिनों तक चलेगी. वहीं मतगणना सुबह आठ से रात के आठ तक चलेगी. खुली मतपेटी की गिनती पूरी करने के बाद मतगणना में लगे कर्मियों को आराम दिया जायेगा.

6000 से अधिक कर्मी चुनाव में शामिल :

उपायुक्त ने बताया कि मतदान में 6000 से अधिक मतदान कर्मी शामिल रहेंगे. चुनाव में लगभग 350 बड़े व 300 छोटे वाहनों का प्रयोग किया जायेगा. इसके अलावा झरिया में 128, धनबाद में 18 व रिजर्व 23 सहित 228 माइक्रो ऑब्जर्वर व 65 सेक्टर मजिस्ट्रेट चुनाव को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न करायेंगे.

सही से करे बैलेट पेपर का प्रयोग :

उपायुक्त ने बताया कि इस बार चुनाव में बैलेट पेपर का प्रयोग हो रहा है. धनबाद नगर निगम के मेयर व चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष के लिए गुलाबी तथा वार्ड पार्षदों के लिए सफेद बैलेट पेपर का प्रयोग हो रहा है. उपायुक्त ने मतदाताओं को सही तरीके से बैलेट पेपर पर मुहर लगाकर प्रत्याशी का चयन करने का अनुरोध किया है. बताया कि जिस प्रत्याशी को वोट कर रहे हैं, उसके सामने बने कॉलम में मुहर लगायें. मुहर लगाने के कुछ सेकेंड बाद मत पत्र को जैसे बताया गया है वैसे फोल्ड करके मत पेटी में डालें.

आचार संहिता में दो लाख के शराब हुए जब्त :

उपायुक्त ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लगने के बाद उत्पाद विभाग ने 1241.40 लीटर शराब जब्त की है. जिसका मूल्य 2,11,415 रुपये है. इसके अलावा कोई गंभीर शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि लगातार विभाग द्वारा जांच की जा रही है.

बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक रहेगी पुख्ता सुरक्षा : एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि मतदान के दिन बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किया गया है. चुनाव के दिन सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस पदाधिकारी के साथ चिरकुंडा, झरिया, धनबाद व कतरास क्षेत्र में सभी संसाधनों से लैस चार क्विक रिस्पांस टीम वाटर कैनन के साथ रहेगी. इसके अलावा जिले के वरीय पदाधिकारी भी लगातार भ्रमणशील रहेंगे. उनके साथ भी अलग से क्विक रिस्पांस टीम रहेगी. कहीं से भी किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर मात्र पांच मिनट में पुलिस उक्त स्थल पर पहुंच जायेगी.

धनबाद सहित कतरास व झरिया में बने कंट्रोल रूम :

एसएसपी ने बताया कि जिला नियंत्रण कक्ष के साथ-साथ कतरास, झरिया एवं चिरकुंडा में भी कंट्रोल रूम बनाये गये हैं. कहीं भी कोई घटना होने पर आमजन कंट्रोल रूम को सूचना दे सकते हैं. बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करने के लिए 4000 से अधिक पुलिस पदाधिकारी क्षेत्र में रहेंगे. इसके अलावा सभी थाना प्रभारी स्वयं संबंधित पुलिस इंस्पेक्टर एवं पुलिस उपाधीक्षक के साथ फ्लैग मार्च करेंगे और क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे.

संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथ पर पुलिस की तैनाती :

महापौर के निर्वाची पदाधिकारी सह एसी विनोद कुमार ने बताया कि धनबाद नगर निगम में कुल 977 बूथ पर मतदान होना है. इसमें 158 बूथ सामान्य, 645 संवेदनशील व 174 को अतिसंवेदनशील बूथ की श्रेणी में रखा गया है. सुरक्षा को देखते हुए संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथ पर अतिरिक्त पुलिस की तैनाती की गयी है.

विज्ञापन
MANOJ KUMAR

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola