BBMKU में कुलपति से वार्ता के बाद NSUI ने भूख हड़ताल किया खत्म, ठोस पहल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
BBMKU के मुख्य गेट पर भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता
धनबाद में बीबीएमकेयू के छात्रों की मांगों को लेकर एनएसयूआइ द्वारा की गई भूख हड़ताल कुलपति के आश्वासन के बाद रात नौ बजे समाप्त हो गई. जानें पूरी खबर.
धनबाद. छात्रों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एनएसयूआइ की ओर से मंगलवार को बीबीएमकेयू परिसर के मुख्य गेट के सामने शुरू की गयी भूख हड़ताल रात करीब नौ बजे समाप्त हो गयी. सुबह से छात्र नेता और कार्यकर्ता धरना स्थल पर डटे रहे.

दिनभर विश्वविद्यालय अधिकारियों की मौजूदगी और वार्ता के प्रयासों के बाद शाम में कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह ने आंदोलनकारियों से बातचीत की. वार्ता के बाद छात्र नेताओं ने भूख हड़ताल समाप्त करने पर सहमति जतायी.
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप
एनएसयूआइ जिला अध्यक्ष साहिल अली ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि समय पर परीक्षाएं नहीं होना, परीक्षा परिणाम जारी करने में देरी, कॉलेजों में शिक्षकों की कमी, एफवाईयूजी का पूरा सिलेबस उपलब्ध नहीं होना और मूलभूत सुविधाओं का अभाव छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर रहा है.
उन्होंने कहा कि छात्र अब केवल आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त करने के पक्ष में नहीं हैं. समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने होंगे.
ये भी पढ़ें: SNMMCH में मरीज की मौत के बाद जांच शुरू, इमरजेंसी के छह वेंटिलेटरों के इस्तेमाल पर रोक
तीन छात्र नेता भूख हड़ताल पर बैठे थे
भूख हड़ताल पर एनएसयूआइ जिला अध्यक्ष साहिल अली के साथ रोहित पाठक और युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य आनंद बैठे थे. प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों की सभी जायज मांगों पर ठोस पहल करने की मांग की.
छात्र नेताओं ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए स्पष्ट कार्ययोजना और समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है. उनका कहना था कि लंबे समय से लंबित छात्र हित के मुद्दों पर सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा.
लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे छात्र
दिनभर चले आंदोलन के दौरान छात्र नेता कुलपति की ओर से सभी मांगों को स्वीकार करने का लिखित आश्वासन मांगते रहे. उनका कहना था कि केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर आंदोलन खत्म करना उचित नहीं होगा.
रोहित पाठक ने कहा कि अगर प्रशासन ने मांगों को नजरअंदाज किया या छात्रों को केवल आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया, तो आंदोलन को व्यापक और चरणबद्ध किया जाएगा.
कुलपति ने आंदोलनकारियों से की वार्ता
विश्वविद्यालय के अधिकारी पूरे दिन धरना स्थल पर मौजूद रहे और छात्रों से बातचीत का प्रयास करते रहे. शाम में कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह ने आंदोलनकारियों से वार्ता की.
ये भी पढ़ें: जिम में हुई दोस्ती, बढ़ी नजदीकी; अब साथ रहने की इच्छा पर झरिया थाने पहुंचीं महिला-युवती
वार्ता के दौरान कुलपति ने छात्रों की ओर से उठायी गयी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया. इसके बाद छात्र नेताओं ने भूख हड़ताल समाप्त करने पर सहमति जतायी.
मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य आनंद ने कहा कि छात्र हित से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा. प्रशासन को मांगों के समाधान की दिशा में ठोस पहल करनी होगी.
उन्होंने कहा कि छात्र पीछे हटने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों के समाधान के लिए आंदोलन कर रहे हैं. साथ ही छात्रों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर अपनी आवाज मजबूत करने की अपील की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए