झरिया में 19 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन बनेंगे, दूसरी बार निकली ई-निविदा
AI Image
धनबाद के झरिया क्षेत्र में 19 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्थायी भवनों का निर्माण फिर से शुरू हो गया है. प्रत्येक भवन पर 27.54 लाख रुपये की लागत से कुल 5.23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. यह दूसरी बार है जब इस परियोजना के लिए ई-निविदा जारी की गई है.
झरिया क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्थायी भवन निर्माण की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू हो गयी है. लघु सिंचाई प्रमंडल, धनबाद ने 19 नये आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण के लिए दूसरी बार अल्पकालीन ई-निविदा जारी की है. सभी भवन धनबाद नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में बनाये जायेंगे. प्रत्येक भवन की अनुमानित लागत 27,54,400 रुपये निर्धारित की गयी है. इस तरह 19 भवनों के निर्माण पर करीब 5.23 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
आपके शहर में
लिलोरी पाथरा से डोमगढ़ तक बनेंगे भवन
निविदा के तहत लिलोरी पाथरा, हेतलीबांध, भागा मुस्लिम पट्टी, आलमनगर, शिमला बहाल बस्ती, ईदगाह मुहल्ला पाथरडीह, भाटडीह, बागडीह कोलियरी, जयरामपुर कोलियरी आटा चक्की, डिपुधोवारा, तिसरा और लक्ष्मी कोलियरी में आंगनबाड़ी केंद्र भवन प्रस्तावित हैं.
इसके अलावा दिगवाडीह नंबर-10 घाटवार बस्ती, दिगवाडीह इस्लामपुर बस्ती, भुलनबरारी, भुलनबरारी-6, दिगवाडीह-12 महतो बस्ती, भाटपट्टी फुसबंगला और डोमगढ़ में भी भवन बनाये जायेंगे. इस तरह नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में आंगनबाड़ी सेवाओं के लिए स्थायी आधारभूत संरचना विकसित करने की योजना है.
प्रत्येक भवन पर 27.54 लाख रुपये खर्च
विभाग ने प्रत्येक भवन की अनुमानित लागत 27,54,400 रुपये निर्धारित की है. इस हिसाब से 19 भवनों की कुल अनुमानित लागत करीब 5.23 करोड़ रुपये है. निविदा दस्तावेज की कीमत 5,000 रुपये और प्रत्येक योजना के लिए अग्रधन राशि 55,500 रुपये निर्धारित की गयी है. विभाग के अनुसार परिमाण विपत्र (बीओक्यू) की राशि में कमी या बढ़ोतरी संभव है.
छह माह में पूरा करना होगा निर्माण
निविदा के अनुसार चयनित एजेंसी को प्रत्येक भवन का निर्माण कार्य छह माह में पूरा करना होगा. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थायी भवन उपलब्ध हो सकेगा. इससे केंद्रों के संचालन के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा मिलने की उम्मीद है.
15 सितंबर से शुरू होगी निविदा प्रक्रिया
कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल की ओर से जारी निविदा के अनुसार इसका प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को वेबसाइट पर किया जायेगा. इच्छुक एजेंसियां 15 सितंबर से 26 सितंबर की शाम पांच बजे तक ऑनलाइन निविदा जमा कर सकेंगी. निविदा 29 सितंबर को दोपहर दो बजे ऑनलाइन खोली जायेगी. विभाग के अनुसार इस प्रक्रिया में केवल ई-निविदा ही मान्य होगी.
दूसरी बार जारी किया गया टेंडर
19 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण के लिए यह दूसरी बार निविदा जारी की गयी है. इससे पहले की निविदा प्रक्रिया में अपेक्षित आवेदक नहीं मिलने अथवा प्रक्रिया पूरी नहीं होने के बाद विभाग ने दोबारा टेंडर निकाला है. दूसरी बार निविदा जारी होने के बाद अब निर्माण के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए