धनबाद स्टेशन पर ट्रेन के जनरल कोच में लावारिस मिले पांच बैग-झोले, 66.75 लीटर बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद
जप्त बीयर व अंग्रेजी शराब
धनबाद रेलवे स्टेशन पर 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत एक बड़ी कार्रवाई हुई है. ट्रेन के जनरल कोच से पांच बैग में भरी 66.75 लीटर बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 20,460 रुपये है. सामान पर 'FOR SALE IN WB ONLY' लिखा पाया गया, जिससे पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए ले जाने का संकेत मिलता है.
धनबाद. ऑपरेशन सतर्क के तहत रेसुब पोस्ट धनबाद की स्पेशल टास्क टीम ने शनिवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन के जनरल कोच से 66.75 लीटर बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 20,460 रुपये बतायी गयी है. आरपीएफ के अनुसार, शराब तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के झोलों में रखी थी. सामान पर FOR SALE IN WB ONLY लिखा हुआ पाया गया. बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग धनबाद को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है.
आपके शहर में
जनरल कोच में सीट के नीचे मिले बैग और झोले
आरपीएफ के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त धनबाद के निर्देशन में निरीक्षक प्रभारी धनबाद के नेतृत्व में पोस्ट स्तर पर गठित स्पेशल टास्क टीम स्टेशन पर गश्त और निगरानी कर रही थी. इसी दौरान ट्रेन संख्या 13051 के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर करीब 1:36 बजे पहुंचने के बाद पीछे के जनरल कोच की जांच की गयी.
जांच के दौरान सीट के नीचे तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के झोले संदिग्ध हालत में दिखाई दिये. टीम ने कोच में मौजूद यात्रियों से सामान के मालिक के बारे में जानकारी ली, लेकिन किसी यात्री ने इन बैग और झोलों पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया.
अलग-अलग ब्रांड की बीयर और शराब मिली
आरपीएफ टीम ने गवाहों की मौजूदगी में सामान की जांच की. एक काले रंग के SPORTS लिखे पिट्ठू बैग से Haywards 5000 Premium Strong Beer के 36 केन और Royal Stag Superior Whisky की आठ बोतलें मिलीं. प्रत्येक बीयर केन की क्षमता 500 एमएल और प्रत्येक व्हिस्की बोतल की क्षमता 500 एमएल बतायी गयी है.
दूसरे SAFARI लिखे मिश्रित रंग के बैग से Kingfisher Beer के 34 केन, जबकि ग्रे रंग के HP लिखे बैग से Kingfisher Beer के 28 केन बरामद किये गये. एक सफेद प्लास्टिक झोले से Kingfisher Beer के 14 केन और Magic Moments Vodka की दो 375 एमएल बोतलें मिलीं. दूसरे सफेद झोले से Kingfisher Beer के 12 केन बरामद हुए.
20,460 रुपये बतायी गयी बरामद शराब की कीमत
आरपीएफ के अनुसार, सभी बरामद शराब और बीयर की कुल मात्रा 66.75 लीटर तथा कीमत 20,460 रुपये है. सामान पर ‘FOR SALE IN WB ONLY’ अंकित होने की बात भी आरपीएफ ने कही है. स्टेशन पर ट्रेन के कम ठहराव को देखते हुए सामान को प्लेटफॉर्म संख्या-2 के हावड़ा छोर पर उतारकर जांच की गयी. करीब 3:30 बजे गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त की गयी.
बरामद शराब को बाद में रेसुब पोस्ट धनबाद लाया गया. मामले में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है और बरामद सामान के संबंध में कोई व्यक्ति अपना दावा लेकर सामने नहीं आया. उप-निरीक्षक प्रशांत कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर जब्त शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग धनबाद को सौंपा जाएगा.
स्पेशल टास्क टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में उप-निरीक्षक प्रशांत कुमार, हेड कांस्टेबल बबुलेश कुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार, प्रमोद कुमार और संजीव कुमार तथा 02वीं बटालियन बी कंपनी के कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल थे. आरपीएफ ने बरामद शराब के स्रोत और इसे रेलवे के जरिये ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान के संबंध में आगे की कार्रवाई की जानकारी दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए