मुख्य मार्ग काटे जाने के विरोध में दूसरे दिन भी भौंरा सी-2 पैच का काम ठप

Updated:
विज्ञापन

परियोजना में प्रदर्शन करते लोग | Prabhat Khabar Network

झरिया के भौंरा सी-2 पैच आउटसोर्सिंग परियोजना का काम दूसरे दिन भी ठप रहा. कोयला ट्रांसपोर्टिंग भी बंद है, क्योंकि परियोजना के विस्तारीकरण के लिए मुख्य मार्ग काट दिया गया है. ग्रामीण इस फैसले का विरोध कर रहे हैं.

विज्ञापन

बीसीसीएल पूर्वी झरिया क्षेत्र की भौंरा सी-2 पैच आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तारीकरण के लिए भौंरा-जहाजटांड़ मुख्य मार्ग काटे जाने के विरोध में रविवार को दूसरे दिन भी परियोजना का काम और कोयला ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह ठप रही. जहाजटांड़ बस्ती के समर्थन में आसपास के कई मोहल्लों के लोग परियोजना के ट्रांसफार्मर घर के सामने धरना देकर बैठे रहे. आंदोलनकारियों ने मुख्य मार्ग को फिर से दुरुस्त कर आवागमन के लिए चालू करने की मांग की.

आपके शहर में

विज्ञापन

परियोजना का काम और ट्रांसपोर्टिंग रही बंद

रविवार को आंदोलनकारियों ने परियोजना परिसर में प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की. लोगों का कहना है कि मुख्य रास्ता काट दिये जाने से जहाजटांड़ समेत आसपास की बस्तियों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है. रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

शुक्रवार रात काटा गया था मुख्य मार्ग

बताया जाता है कि शुक्रवार की रात आउटसोर्सिंग प्रबंधन ने परियोजना के विस्तारीकरण के लिए भौंरा-जहाजटांड़ मुख्य मार्ग को काट दिया था. इसके बाद जहाजटांड़ बस्ती और आसपास के लोगों में आक्रोश बढ़ गया. रविवार तक बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग प्रबंधन की ओर से रास्ता विवाद के समाधान को लेकर कोई पहल नहीं होने से ग्रामीणों का आंदोलन जारी रहा.

पुराना रास्ता चालू होने तक आंदोलन की चेतावनी

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक काटे गये पुराने मार्ग को दुरुस्त कर आवागमन के लिए चालू नहीं किया जाता, तब तक परियोजना का काम और ट्रांसपोर्टिंग शुरू नहीं होने दी जाएगी. ग्रामीणों ने प्रबंधन से तत्काल रास्ता बहाल करने की मांग की है.

सोमवार को जुलूस, बाजार बंद की घोषणा

आंदोलनकारियों ने सोमवार को प्रबंधन के खिलाफ जुलूस निकालने की घोषणा की है. जुलूस पूर्वी झरिया क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचेगा, जहां विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. इसके साथ ही आंदोलनकारियों ने सोमवार को भौंरा बाजार बंद रखने की भी घोषणा की है.

प्रदर्शन में उमेश यादव, पार्षद चंदन महतो, विवेक सिंह उर्फ सोनू, रंजीत यादव, रामचंद्र महतो, जयलाल शर्मा, खेमलाल महतो, सुरेश महतो, बाघा सिंह, गोरे यादव, जोगेंद्र महतो, वंदना देवी, सुलोचना देवी और कार्तिक महतो समेत अन्य शामिल थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola