Dhanbad News: आइआइटी आइएसएम पहुंची इसरो की चलंत प्रदर्शनी
Published by : OM PRAKASH RAWANI Updated At : 05 Feb 2026 2:03 AM
Dhanbad News: चलंत अंतरिक्ष संग्रहालय से रूबरू होंगे छात्र, आमजन भी ले सकेंगे अनुभव
Dhanbad News: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के राष्ट्रीय केंद्र से संचालित ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ आउटरिच बस (अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी) बुधवार को आइआइटी आइएसएम धनबाद पहुंची. इस चलती-फिरती प्रदर्शनी ने छात्रों और आगंतुकों को अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया से रूबरू कराया. यह बस केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों पर समर्पित एक चलता-फिरता संग्रहालय है. यह प्रदर्शनी छात्रों और आम जनता को अंतरिक्ष विज्ञान के बारे में शिक्षित और प्रेरित करने का काम करती है.
रॉकेट, उपग्रह और मिशन का सजीव प्रदर्शन
प्रदर्शनी बस में भारतीय प्रक्षेपण यानों, उपग्रहों और प्रमुख अंतरिक्ष मिशनों के मॉडल हैं. रॉकेट प्रक्षेपण के सिमुलेशन, पेलोड सुरक्षा प्रणाली, क्रू एस्केप सिस्टम तथा पृथ्वी की कक्षा में परिक्रमा करते उपग्रहों के मॉडल भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान की तैयारियों को प्रभावी ढंग से दर्शाते हैं. ये सभी प्रदर्शनी अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी की जटिलताओं को सरल और रोचक रूप में प्रस्तुत करते हैं.
रोजमर्रा की जिंदगी में अंतरिक्ष तकनीक
प्रदर्शनी में रोजमर्रा के जीवन में अंतरिक्ष तकनीक की उपयोगिता को स्पष्ट किया गया है. सैटेलाइट इमेजरी और इंटरैक्टिव माध्यमों के जरिये यह बताया गया कि मौसम पूर्वानुमान, जलवायु निगरानी, आपदा प्रबंधन, कृषि, वन एवं जल संसाधन प्रबंधन, दूरसंचार, टेलीमेडिसिन, नागरिक उड्डयन और समुद्री नेविगेशन जैसे क्षेत्रों में अंतरिक्ष तकनीक की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है.
विशेषज्ञों ने छात्रों से किया संवाद
इस दौरान विशेषज्ञों ने छात्रों से सीधा संवाद किया. क्विज, डेमो और चर्चा के माध्यम से जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल बनाया जा रहा है. इससे छात्रों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ रही है.
आठ फरवरी तक विद्यार्थी कर सकेंगे अवलोकन
यह प्रदर्शनी गुरुवार को कैंपस के छात्रों, कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए खुली रहेगी. शुक्रवार से रविवार आठ फरवरी तक विद्यार्थी और आम लोगों को प्रदर्शनी का अवलोकन कर पायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










