पुलिस एसोसिएशन से विवाद के बीच बोले जयराम, "मेरी लड़ाई किसी पुलिसकर्मी से नहीं, भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ है; मैं न झुकूंगा न रुकूंगा"
डुमरी विधायक जयराम महतो ने सोशल मीडिया पर पुलिस एसोसिएशन को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ है. विधायक ने छात्रों के आंदोलन और नियुक्ति के मुद्दे पर भी सरकार पर वार किया.
डुमरी विधायक जयराम महतो और पुलिस एसोसिएशन को लेकर चल रहे विवाद के बीच उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी बात रखी है. विधायक ने कहा कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं को उन्होंने विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाया है. उन्होंने दावा किया कि विधानसभा में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को समय पर भोजन नहीं मिलने का मामला भी उन्होंने सदन में उठाया था, जिसके बाद उन्हें समय पर भोजन मिलने लगा.
आपके शहर में

जयराम महतो ने अपने पोस्ट में पुलिस एसोसिएशन को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि उस समय पुलिस एसोसिएशन के किसी सदस्य ने इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया और न ही उन्हें धन्यवाद देना जरूरी समझा.
विधायक ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी पुलिसकर्मी या पुलिस पदाधिकारी से व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ है, जिसमें आम जनता के साथ-साथ निचले स्तर के पुलिसकर्मियों के शोषण का आरोप लगता रहा है.
बरवाअड्डा थानेदार के मामले का भी किया जिक्र
जयराम महतो ने अपने बयान में बरवाअड्डा थाना से जुड़े एक पुराने मामले का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने एक गरीब दलित युवक के पक्ष में थानेदार से सिर्फ इतना कहा था कि बिना वजह किसी को प्रताड़ित नहीं किया जाए.

विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कई नेताओं ने कथित तौर पर कोयला माफिया और दबंग लोगों को थाने से छुड़ाया, तब पुलिस एसोसिएशन की भूमिका कहां थी. हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है.
ये भी पढ़ें: Jharkhand : राज्य सरकार को Devendernath Mahato ने दी आंदोलन की चेतावनी, कही ये बात
छात्र आंदोलन और नियुक्ति के मुद्दे पर भी बोले
जयराम महतो ने अपने पोस्ट में छात्रों के आंदोलन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरे झारखंड में छात्रों के अधिकार और उनके भविष्य की लड़ाई को लेकर मुखर है और वह खुद भी सड़क से सदन तक उनके साथ खड़े हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि इस आंदोलन को कमजोर करने के लिए सरकार और कथित घोटालेबाजों के सिंडिकेट की ओर से साजिश रची जा रही है. जयराम महतो का दावा है कि उन्हें इस साजिश में उलझाकर नियुक्ति माफिया और सरकार अपने कथित कारनामों से जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं.
न झुकूंगा, न रुकूंगा, न टूटूंगा : जयराम
विधायक ने अपने पोस्ट के अंत में सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार खुद का बचाव कर रही है, लेकिन वह दबाव में नहीं आने वाले हैं. उन्होंने लिखा कि वह ‘न झुकेंगे, न रुकेंगे और न टूटेंगे’ और संघर्ष जारी रखने का वादा किया.
जयराम महतो के इस बयान के बाद एक बार फिर पुलिस व्यवस्था, छात्रों के अधिकार और नियुक्ति से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के संकेत हैं. गौरतलब है कि इससे पहले भी विधायक जयराम महतो विभिन्न जन मुद्दों को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाते रहे हैं.
ये भी पढ़ें: न सांसद पहुंचे, न विधायक; ड्राइवर ने दिखाई हरी झंडी, शुरू हुई हटिया से बानो की पहली सुबह की ट्रेन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए