धनबाद जेल पहुंचकर रजनी रवानी से मिले सांसद ढुल्लू महतो, सीबीआई जांच कराने की कही बात

Updated:
विज्ञापन

धनबाद जेल पहुंचने के बाद संवाददाताओं से बात करते सांसद ढुल्लू महतो.

Dhanbad News: धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने जेल में बंद आजसू नेत्री रजनी रवानी से मुलाकात कर उन्हें झूठे हत्या केस में फंसाने का आरोप लगाया. उन्होंने निष्पक्ष जांच नहीं होने पर सीबीआई जांच की मांग की चेतावनी दी और जिला प्रशासन व कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट

Dhanbad News: धनबाद सांसद ढुल्लू महतो मंगलवार को धनबाद मंडल कारा पहुंचे, जहां उन्होंने जेल में बंद आजसू नेत्री रजनी रवानी से मुलाकात की. मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि रजनी रवानी को झूठे हत्या मामले में फंसाया गया है और निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. सांसद ने कहा कि लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा में हुई घटना के बाद पुलिस ने असली अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन लोगों को निशाना बनाया, जो अपराध और कोयला चोरी के खिलाफ आवाज उठा रहे थे. उन्होंने दावा किया कि पूरे मामले में कई निर्दोष लोगों को हत्या केस में जेल भेज दिया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ जेल पहुंचे सांसद

ढुल्लू महतो ने बताया कि भाजपा धनबाद जिलाध्यक्ष श्रवण राय के नेतृत्व में वे धनबाद जेल पहुंचे और रजनी रवानी से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि रजनी रवानी का सिर्फ इतना दोष है कि वह कोयला चोरी के खिलाफ शिकायत लेकर लोयाबाद थाना गई थीं. सांसद के अनुसार, आवेदन देने के बाद उनके घर में घुसकर मारपीट की गई और गोली किसी अन्य व्यक्ति ने चलाई, लेकिन आरोप रजनी रवानी पर डाल दिया गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके समर्थकों को भी झूठे मामलों में फंसाया गया है.

कांग्रेस और जलेश्वर महतो पर साधा निशाना

मीडिया से बातचीत में ढुल्लू महतो ने कांग्रेस और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि इस मामले में जलेश्वर महतो को जवाब देना चाहिए, क्योंकि जिन लोगों की मौत हुई और जो लोग फंसे हैं, वे उसी समाज से आते हैं. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर जलेश्वर महतो इस मामले में चुप क्यों हैं. सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा अपराधी किस्म के लोगों का साथ देती रही है. उन्होंने कहा कि जलेश्वर महतो को स्पष्ट करना चाहिए कि गोलीबारी करने वाले लोग उनके समर्थक हैं या नहीं. ढुल्लू महतो ने कहा कि लोयाबाद और बांसजोड़ा क्षेत्र में पहले भी कई बार गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं और हर बार दूसरे लोगों को फंसाने का प्रयास किया गया है.

सीबीआई जांच की मांग की चेतावनी

सांसद ने कहा कि यदि जिला प्रशासन निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है तो ठीक है, अन्यथा यह मामला केंद्र सरकार तक ले जाया जाएगा. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की जाएगी. ढुल्लू महतो ने कहा कि यदि सीबीआई जांच में आरोपी निर्दोष नहीं पाए जाते हैं तो वह खुद को दोषी मानेंगे. उन्होंने राज्य सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार में दम है तो पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए. उन्होंने कहा कि रजनी रवानी गांव की एक सामान्य महिला हैं और धनबाद के इतिहास में गांव की महिलाएं कभी वर्चस्व की लड़ाई नहीं लड़तीं. वह सिर्फ अपने अधिकार और गांव के लोगों की सुरक्षा के लिए आगे आई थीं.

लोयाबाद और बांसजोड़ा को लेकर प्रशासन पर आरोप

सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि धनबाद का लोयाबाद और बांसजोड़ा क्षेत्र अपराध और हिंसा के मामले में पुराने पश्चिम बंगाल जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि अत्याचार की भी एक सीमा होती है, लेकिन यहां वह सीमा पार हो चुकी है. उन्होंने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन मूकदर्शक बनकर बैठा है और अपराधियों को खुली छूट दी गई है. सांसद ने कहा कि इस तरह की स्थिति कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: दो हफ्ते के अंदर जोजोबाटा में लगेगा चापाकल, अधिकारियों के साथ पहुंचे विधायक दशरथ गागराई

खूनी संघर्ष के बाद बढ़ा राजनीतिक विवाद

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले लोयाबाद थाना क्षेत्र में आजसू कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं के बीच हिंसक झड़प हुई थी. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और गोलीबारी भी हुई थी. घटना में कई लोग घायल हुए थे, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आजसू नेता रजनी देवी सहित कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इसके बाद से पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और विभिन्न दल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर के एमजीएम कॉलेज की लाइब्रेरी में बैट्री किया ब्लास्ट, मची अफरा-तफरी

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola