Dhanbad News : भौंरा वर्कशॉप में कर्मियों को बंधक बनाकर अपराधियों ने की लूटपाट

Dhanbad News : भौंरा वर्कशॉप में कर्मियों को बंधक बनाकर अपराधियों ने की लूटपाट
Dhanbad News : भौंरा ओपी क्षेत्र में बुधवार की देर रात 10-15 की संख्या में अपराधियों ने इजे एरिया की भौंरा दक्षिण कोलियरी वर्कशॉप में कर्मियों को बंधक बना कर लूटपाट की. मोहन साव फीटर व चानी बाउरी हेल्पर को पहले बंधक बनाया, फिर मारपीट की. उसके बाद हाजिरी घर में जाकर कर्मी संजय मिश्रा को भी मारपीट कर बंधक बना लिया. खिड़की पर पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया. इसके बाद वर्कशॉप में घुसकर चार गोदाम, दो अलमारी व सेफ्टी विभाग के गोदाम का ताला तोड़ कर उसमें रखे तांबा पीतल के कल पुर्जे, मोटर के रोटर समेत भारी मात्रा में अन्य लौह सामग्री लूट कर भौंरा उप डाकघर के पीछे एक बंद घर का ताला तोड़ा और उसमें जमा कर दिया. सूचना पाकर सीआइएसएफ क्यूआरटी वहां पहुंची, जिसे देख अपराधी लौह सामग्री छोड़ कर फरार हो गये. बताया जाता है अपराधी एक 407 मालवाहक व ठेला भी साथ लाये थे. ठेला का पहिया टेढ़ा होने पर लौह सामग्री मालवाहक से ले भागे. बची हुई लौह सामग्री को डाकघर के बंद घर में जमा किया गया था. सुबह में कर्मियों ने जमा लौह सामग्री को बरामद कर लिया. भौंरा ओपी प्रभारी रंजीत राम ने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है. प्रबंधन की ओर से भी कोई शिकायत नहीं मिली है.
भाटडीह में बंद आवास का ताला तोड़ कर चोरी
सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटडीह स्थित बचन सिंह के बंद पड़े आवास में बुधवार की देर रात चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ करीब 30 हजार रुपये के सामान की चोरी कर ली. पड़ोसियों ने सुबह घर के दरवाजे का ताला टूटा देख घटना की सूचना बचन सिंह को दी, जहां घटना की सूचना मिलने पर बचन सिंह के दामाद चासनाला निवासी पंकज सिंह मौके पर पहुंचे और सुदामडीह पुलिस को सूचना दी. सुदामडीह पुलिस जांच में जुटी है. पंकज सिंह ने बताया कि ससुर अक्तूबर माह से पटना में रह रहे हैं, घर बंद था. चोरों ने अलमारी तोड़ चांदी के सिक्के, कपड़े व कुछ खुदरा पैसे आदि ले गये हैं, जिसकी कीमत करीब 25 हजार आंकी गयी है.
पांड्रा मोड़ की दुकान से नगदी समेत हजारों की चोरी
एमपीएल ओपी क्षेत्र के पांड्रा मोड़ पर स्थित बैद्यनाथ स्टोर्स नामक ग्रॉसरी शॉप में बुधवार की देर रात अपराधियों ने सेंधमारी कर हजारों की संपत्ति चुरा ली. इसकी शिकायत दुकान संचालक बैद्यनाथ साव ने पुलिस से की है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. बताया जाता है कि चोरों ने पीछे की दीवार में सेंधमारी कर चावल, दाल, सरसों का तेल, हॉर्लिक्स, बिस्किट, गल्ला में रखा नगद करीब 10 हजार सहित अन्य कीमती सामग्री चुरा ली है. सुबह आसपास के लोग एवं दुकान संचालक को घटना की जानकारी मिली. सूचना पाकर पुलिस ने पहुंच कर मामले की छानबीन की. पुलिस ने कहा कि आसपास के क्षेत्र में लगा सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




