बरवाअड्डा थाना मारपीट मामले में दोनों पक्षों पर केस, विधायक जयराम महतो समेत कई पर SC-ST एक्ट में प्राथमिकी
शुक्रवार को बरवाअड्डा थाना परिसर में मौजूद विधायक जयराम महतो वा अन्य
बरवाअड्डा थाना में मुखिया के फर्जी हस्ताक्षर मामले में बुधवार को हुई मारपीट के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है. इस घटना में डुमरी विधायक जयराम महतो और सांसद प्रतिनिधि सहित कई लोगों के नाम शामिल हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी हस्ताक्षर व मुहर से जाति, आवासीय और वंशावली प्रमाण पत्र बनाये जाने के मामले में आरोपी गणेश दास की पैरवी करने पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो व उनके समर्थकों के बीच थाना परिसर में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की है. एक पक्ष की ओर से विधायक व अन्य के खिलाफ एससी-एसटी उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. वहीं विधायक के आवेदन पर सांसद प्रतिनिधि समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और छिनतई का केस दर्ज हुआ है.
आपके शहर में
मुखिया पुत्र के आवेदन पर विधायक समेत चार नामजद
मुखिया के पुत्र प्रदीप कुमार रजक के आवेदन पर बरवाअड्डा थाना में विधायक जयराम महतो, दिलीप चौधरी (बड़ापिछरी), सुशील मंडल (कोलाकुसमा) समेत अन्य के खिलाफ एससी, एसटी अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपी गणेश दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
विधायक के आवेदन पर सांसद प्रतिनिधि समेत छह नामजद
इधर, विधायक जयराम महतो के आवेदन पर सांसद प्रतिनिधि परमेश्वर उर्फ प्रेम महतो, प्रदीप रजक, तारकेश्वर रजक, आशुतोष रजक, भीखु रजक और दिनेश रजक समेत दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट व छिनतई का मामला दर्ज किया गया है. विधायक ने पुलिस को दिये आवेदन में कहा है कि वह गणेश दास के संबंध में जानकारी लेने बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे.
थाना प्रभारी से बातचीत के दौरान हुआ हमला, चेन छीनने का आरोप
विधायक के अनुसार उन्हें जानकारी मिली थी कि गणेश दास के साथ मारपीट की गयी है. वह थाना प्रभारी रवि कुमार से इसी संबंध में बातचीत कर रहे थे, तभी नामजद आरोपी वहां पहुंचे और कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कहते हुए उन पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे सुशील मंडल के साथ भी मारपीट की गयी. विधायक ने प्रेम महतो समेत अन्य पर सुशील मंडल के गले से करीब दो लाख रुपये से अधिक कीमत की चेन छीनने का आरोप लगाया है. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए